नईदिल्लीलीक्स… ( 6 april ) । देश में कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। इस बीच दिल्ली में आज से 30 अप्रैल तक रात्रि कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।
कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। दिल्ली सरकार ने नाइट कर्फ्यू के लिए गाइड लाइंस जारी कर दी हैं।
दिल्ली सरकार द्वारा आज जारी गाइड लाइंस के मुताबिक कर्फ्यू के दौरान ट्रैफिक पर किसी तरह की रोक नहीं होगी, जो लोग वैक्सीन लगवाने जाना चाहते हैं, उन्हें छूट रहेगी, लेकिन ई-पास लेना होगा। राशन, किराना, फल, सब्जी, दूध, दवा से जुड़े कारोबारियों को ई-पास के जरिये ही आवाजाही की छूट मिलेगी। प्रिंट और इलेक्ट्रोनिक मीडिया को भी ई-पास के जरिये ही आने-जाने की इजाजत होगी।
96,892 नए संक्रमित केस
कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में आज मामूली कमी आई है। बीते 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना संक्रमण के 96,892 नये मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इस दौरान 445 लोगों की मौत हो गई। देश के आठ राज्यों में स्थिति ज्यादा खराब है। इन्ही राज्यों में कोरोना के 81 फीसदी मामले दर्ज हुए हैं।
आठ राज्यों में हालात खराब
महाराष्ट्र की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और दिल्ली में भी कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है।
ठीक होने वालों की दर घटी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 1,2686,049 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि मृतकों का आंकड़ा 1,65,547 हो गया है। अब तक 1,17,32,279 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। देश में इस समय 7, 88,223 एक्टिव केस मौजूद हैं। आंकडों के मुताबिक देश में पिछले 27 दिनों से नए मामलों में वृद्धि के साथ ही एक्टिव मामलों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। ये कुल मामलों का 6.21 फीसदी है।
सभी उम्र के लोगों को लगे टीका
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गुजारिश की है कि, टीकाकरण में उम्र सीमा समाप्त की जाए तथा सभी उम्र के लोगों को टीका लगाया जाए।