नईदिल्लीलीक्स… ( 6 april ) । नये सीजेआई रमना 24 अप्रैल को शपथ लेंगे। जोधपुर में 16 कैदी फिल्मी स्टाइल में फरार। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें
जस्टिस रमना 24 को शपथ लेंगे
सर्वोच्च न्यायालय के 48वें मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमना 24 अप्रैल को पद की शपथ लेंगे। राष्ट्र्पति ने उनकी नियुक्ति की मंजूरी दे दी है। वर्तमान सीजेआई जस्टिस बोबड़े ने उनके नाम की सिफारिश की थी। जस्टिस बोबड़े 23 अप्रैल को रिटायर होने वाले हैं। जस्टिस रमना आंध्र प्रदेश के पहले ऐसे जज हैं, जो सीधे सीजेआई बनेंगे। जस्टिस रमना का कार्यकाल दो साल से कम रहेगा, उन्हें 26 अगस्त 2022 को रिटायर होना है।
जोधपुर से 16 कैदी फरार
जोधपुर जनपद के फलोदी में कचहरी स्थित उपजेल से कल रात एक साथ 16 कैदी फरार हो गए। दिन में कैदी बैरक के आगे खुली जेल में थे। शाम को जब इन कैदियों को बैरक में डाला जा रहा था, इसी दौरान कैदियों ने अंदर से ताला खोल रहे कांस्टेबल के पास खड़े कार्यवाहक तथा एक अन्य सिपाही को धक्का दिया औऱ बाहर खड़े सिपाही की आंखों में मिर्च औऱ सब्जी का घोल डाल दिया और दूसरी ओर खड़ी महिला सिपाही को फेंककर फरार हो गए। ये एक सुनियोजित साजिश थी क्योंकि कचहरी के बाहर पहले से एक स्कॉर्पियो खड़ी थी, जिसमें सवार होकर 16 कैदी फरार हो गए।
कंगना की अर्जी कोर्ट से खारिज
अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली फिल्म अभिनेत्री कंगना रानौत पर मुंबई की अदालत में दर्ज मानहानि का मुकदमा चलता रहेगा। यह मुकदमा गीतकार जावेद अख्तर ने दर्ज कराया है। मुंबई के सेशन कोर्ट ने कंगना की मुकदमा खत्म करने की अर्जी को ठुकरा दिया है।
2036 तक सत्ता में बने रहेंगे पुतिन
रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन ने एक नए कानून पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस कानून पर हस्ताक्षर करने के साथ ही पुतिन के 2036 तक रूस की सत्ता पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया है। रूस के संविधान के अनुसार को भी व्यक्ति लगातार दो कार्यकाल से ज्यादा राष्ट्रपति नहीं बन सकता लेकिन नए कानून के आने के बाद पुतिन 2024 में फिर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी कर सकते हैं। नया कानून उन्हें 2036 तक राष्ट्रपति बने रहने की अनुमति देता है।