आगरालीक्स….(Agra News 5th October). आगरा के कोरोना मुक्त होने के बाद 48 घंटे में मिले दो नए केस, कोरोना का खतरा कम नहीं, लोग नहीं पहन रहे मास्क।
आगरा में 18 सितंबर के बाद कोरोना का कोई केस नहीं आया, दो अक्टूबर को आगरा कोरोना मुक्त हो गया। सक्रिय केस शून्य हो गए और 14 दिन में कोई नया केस नहीं मिला। मगर, चार अक्टूबर से कोरोना के नए केस आने लगे हैं।
48 घंटे में कोरोना के दो नए केस
बीते 48 घंटे में कोरोना के दो नए केस आए हैं, चार अक्टूबर को पश्चिम बंगाल से लौटे रामबाग में रहने वाले 34 साल के युवक में कोरोना की पुष्टि हुई। युवक के आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही सैंपल लिए गए और जांच में कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जबकि पांच अक्टूबर को भी एक नया केस मिला है। बेंगलूरू से लौटे युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। 48 घंटे में कोरोना के दो नए केस मिले हैं और सक्रिय केस दो हो गए हैं।

4939 सैंपल की हुई जांच
आगरा कैंट स्टेशन, एयरपोर्ट के साथ ही वैक्सीन केंद्रों पर कोरोना की जांच की जा रही है। 24 घंटे में 4939 सैंपल की जांच की गई। जबकि कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 25758 हो गई है और 25298 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 458 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है।