आगरालीक्स…वैक्सीन लगाने के लिए तैयारियां तेज, हेल्थ वर्कर्स का डाटा तैयार, डोज लगाने की दी जा रही ट्रेनिंग.
टीकाकरण के लिए तैयारियां तेज
जनपद में कोविड-19 के टीकाकरण के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों का डाटा तैयार किया जा रहा है. कोविड-19 के टीकाकरण में कोई बाधा न हो और सही तरीके से लगाया जा सके, इसके लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है. शुक्रवार को संभागीय परिवार एवं कल्याण प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में स्वास्थ्यकर्मियों कोविड टीकाकरण के लिए प्रशिक्षण दिया गया. मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों के कोविड टीकाकरण के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. इसमें सामुदायिक केंद्रों के अधीक्षक व जिला अस्पताल, लेडी लायल, ईएसआई, रेलवे हॉस्पिटल, मिलिट्री हॉस्पिटल और ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रतिभाग किया.
पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियो को लगेगी वैक्सीन
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का कोविड टीकाकरण कराया जाएगा, जिसमें एएनएम, आशा, आंगनवाड़ी और प्राइवेट नर्सिंग होम के सभी कार्यकर्त्ता का टीकाकरण किया जाएगा. कोविड टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी कार्यकर्त्ता जुटे हैं. स्वास्थ्यकर्मियों का डाटा डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के दौरान कोविड टीकाकरण को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है. शासन से प्रथम चरण में टीकाकरण के लिए कोल्ड चेन तैयार की जा रही है. इसके लिए 17 दिसंबर को समस्त कोल्ड चेन हैंडलर्स को प्रशिक्षण दिया गया. इसके साथ ही 22 दिसंबर को शहरी क्षेत्र के एम.ओ.आई.सी का प्रशिक्षण होगा. प्रशिक्षण के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के एस.एम.ओ डॉ. बीएस चंदेल, यूनीसेफ की डीएमसी मधुमिता और यूएनडीपी के पीओ अवदेश कुमार ने स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया.