आगरालीक्स ..आगरा में जनवरी में कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी, किस तरह वैक्सीन लगेगी, दूसरी डोज कब लगेगी और किसे लगाई जाएगी वैक्सीन, सभी सवालों के जवाब।
ब्रिटेन सहित कई देशों में कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए कोविड 19 वैक्सीन लगने लगी हैं। करीब आधा दर्जन दवा कपंनियों की वैक्सीन तैयार हो चुकी है। भारत में जनवरी 2021 से कोरोना की वैक्सीन लगाई जानी है। पहले चरण में यह वैक्सीन हेल्थ वर्कर्स को लगाई जाएगी।
आगरा में पहले चरण में 10 हजार हेल्थ वर्कर्स को लगेगी वैक्सीन
सीएमओ डा आरसी पांडे के अनुसार, पहले चरण में आगरा में डाक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों सहित 10 हजार को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए 129 सरकारी अस्पताल और 1510 निजी अस्पतालों में काम करने वाले डाक्टर, कर्मचारियों का रिकॉर्ड तैयार कर लिया गया है।
जनवरी के दूसरे सप्ताह से लगने लगेगी वैक्सीन
एसएन मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा संजय काला ने बताया कि जनवरी 2021 के दूसरे सप्ताह से कोरोना की वैक्सीन आगरा में लगने लग जाएगी। यह वैक्सीन पहले डाक्टर और अस्पताल में काम करने वाले लोगों को लगाई जाएगी।
पहली डोज लगने के 28 दिन बाद दूसरी डोज
कोरोना वैक्सीन की दो डोज लगेंगी, पहली डोज लगने के 28 दिन बाद दूसरी डोज लगाई जाएगी। जिसे भी कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी उसे दो घंटे निगरानी में रखा जाएगा, जिससे कोई समस्या होती है तो डाक्टर इलाज कर सकेंगे।
दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर्स
कोरोना वैक्सीन दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर्स को लगाई जाएगी, इसमें पुलिस कर्मियों के साथ ही मीडिया पर्सन भी शामिल होंगे, ये वे लोग हैं जो कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज और उनके संपर्क में आ सकते हैं।
तीसरे चरण में आम लोगों को लगेगी वैक्सीन
इसके बाद तीसरे चरण में आम लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी, यह अंतिम चरण होगा, इसमें बडे स्तर पर टीकाकरण अभियान की तरह से वैक्सीन लगाने का अभियान चलाया जाएगा।