आगरालीक्स…आगरा रीजन में दर्दनाक वारदात. फौजी के मकान में हत्या कर जलाया महिला व पुरुष का शव. तीन दिन से आ रही थी दुर्गंध, आज मकान से धुआं उठता दिखाई दिया…
आगरा रीजन के मथुरा जिले में दर्दनाक वारदात को अंजाम दिया गया है. मकान के अंदर हत्या कर महिला व पुरुष के शवों को ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है. तीन दिन से मकान के अंदर से दुर्गंध आ रही थी और आज सुबह धुआं उठते लोगों ने देखा तो इस घटना की जानकारी हुई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस मकान में रहने वाले किरायेदार की तलाश कर रही है जो कि फरार हो गया है. जांच में कई थाने चौकियों के अलावा सर्विलासं, स्वाट और एसओजी की टीमों को लगाया गया है. मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है.
मामला थाना हाइवे स्थित कर्मयोगी ग्राम पाकिट तीन के एक मकान का है. यह मकान अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव भक्त पुर में रहने वाले देवेंद्र सिंह पुत्र सोरन सिंह का है. देवेंद्र सिंह सेना में हैं. मई में देवेंद्र सिंह ने यहां अपना मकान बनाया था. उन्होंने अपने रिश्तेदार आनंदवन फेस टू में रहने वाले विजय सिंह के जरिए पांच हजार रुपये मासिक किराये पर यह मकान उठाया था. किराये पर मकान भरतपुर के गांव तालफरा में रहने वाले पवन कुंतल उर्फ समीर को दिया था. लेकिन समीर ने मकान को फ्री में रहने के लिए अपने दोस्त कस्बा सौंख में रहने वाले पुन्ना थोक निवासी गिरिजेश को दे दिया. इस मकान में गिरजिेश अपनी पत्नी रचना, पुत्र प्रणब, बड़े भाई दीपक और उनकी पत्नी प्रीति व उनके पुत्र लवीश के साथ रहने लगे. गिरजेश के परिजवार ने शिवरात्रि से एक दिन पहले ही मकान छोड़ दिया और उसमें उनका कुछ सामान रह गया था.
बताया जाता है कि होली से एक दो दिन पहले पवन मकान की चाबी ले आया था. मकान बंद था. बुधवार को लोगों को मकान के अंदर से तेज दुर्गन्ध आती महसूस हुई. इस पर लोगों ने किसी जानवर के मकान में मरे होने की आशंका जताते हुए इस पर कोई ध्यान नहीं दिया. लेकिन बाद में जब दुर्गन्ध तेज हो गई तो पड़ोस की एक महिला ने पवन कुंतल उर्फ समीर को इसकी जानकारी फोन पर दी. लेकिन समीर आने की कीता रहा लेकिन वह आया नहीं. आज सुबह लोगों ने मकान के अंदर से धुआं उठता देखा. इस पर लोगों ने इसकी सूचना थाना हाईवे को दी. सूचना पर प्रभारी अनुज कुमार राणा पहुंचे. उन्होंने मकान खोला तो पूरे मकानमें धुआं भरा हुआ था. अंदर देखा तो देखते ही होश उड़ गए. मकान के अंदर कमरे में दो चारपाई पर एक महिला और पुरुष के शव जले हुए जमीन पर पड़े थे.
सूचना पर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी एमपी सिंह और सीओ रिफाइनरी धर्मेंद्र चौहान पहुंच गए. पुलिस के अनुसार दोनों की हत्या तीन से चार दिन पहले की गई है. शव में कीड़े पड़ गए थे जो मकान में रेंगते हुए देखे गए. मौके पर गिरिजेश का फोटो और प्रीति का आधार कार्ड मिला था. पहले लगा कि उन्हीं की हत्या की गई है लेकिन बाद में मालूम हुआ कि गिरिजेश का पूरा परिवार सुरक्षित है. पुलिस ने पवन उर्फ समीर के मोबाइल पर कोल किया तो वह बंद मिला. उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है. पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. फौजी के रिश्तेदार विजय सिंह ने तहरीर दी है. कॉलोनी के लोगोंसे पूछताछ की जा रही है. फिलहाल शवों की पहचान नहीं हो सकी है.