आगरालीक्स…आगरा में शुरू होने जा रही है रामलीला और रामलीला मैदान में अधूरे इंतजाम. मंच टूटा है ओर झोपड़ियां अब तक नहीं हटी. सफाई भी अधूरी. मेयर ने दिए ये निर्देश
उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री रामलीला के भव्य आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन रामलीला मैदान में तैयारियां अभी पूरी नहीं हो सकी हैं। मैदान में कई स्थानों पर पत्थर पड़े हैं, मंच भी क्षतिग्रस्त स्थिति में है। वहीं मैदान में बनी झोपड़ियां अभी तक हटाई नहीं गई हैं और सफाई व्यवस्था भी अधूरी है। इसे देखते हुए श्री रामलीला कमेटी द्वारा महापौर हेमलता दिवाकर के साथ रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा महामंत्री राजीव अग्रवाल ने मैदान की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर महापौर से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आग्रह किया कि रामलीला के आयोजन को देखते हुए मैदान को शीघ्र खाली कराया जाए तथा मंच, सफाई, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराया जाए, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि रामलीला आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। आयोजन में अब बहुत कम समय रह गया है, इसलिए मैदान की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जानी आवश्यक हैं। उन्होंने महापौर से मैदान को शीघ्र व्यवस्थित कर रामलीला आयोजन के अनुरूप तैयार कराने का आग्रह किया। महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि रामलीला मैदान में मंच की मरम्मत, पत्थरों को हटाने, झोपड़ियों को खाली कराने और सफाई व्यवस्था सहित कई कार्य तत्काल कराए जाने हैं। कमेटी चाहती है कि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भव्य आयोजन के लिए मैदान समय से पूरी तरह तैयार हो जाए।
महापौर हेमलता दिवाकर ने निरीक्षण के दौरान मौजूद अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को निर्देशित किया कि रामलीला मैदान की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता पर लेते हुए तीन-चार दिन के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे कराए जाएं। उन्होंने मैदान को खाली कराने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा क्षतिग्रस्त मंच सहित अन्य व्यवस्थाओं को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विजय प्रकाश गोयल, मुकेश जौहरी, विष्णु दयाल बंसल, अंजुल बंसल, मनोज अग्रवाल, संजय तिवारी, ताराचंद अग्रवाल, महेश चंद्र अग्रवाल, अजय अग्रवाल, गिरधार अग्रवाल, राहुल शर्मा, राहुल गौतम, प्रसून मंगल, संजय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।