आगरालीक्स सीयूईटी यूजी 2026 में आगरा की खुशी सबलोक का देश में 5 वां स्थान, दिल्ली की देविना गहलोत ने किया टॉप। देश भर के 332 विश्वविद्यालयों में स्नातक में प्रवेश के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा सीयूईटी यूजी आयोजित किया गया था। 16 दिन बाद ही रिजल्ट घोषित कर दिया गया।
एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह के अनुसार, कंप्यूटर आधारित सीयूईटी यूजी में 1568867 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था इसमें से 1164098 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 22 उम्मीदवारों ने तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल, 180 उम्मीदवारों ने दो विषयों में 100 पर्सेंटाइल और 3214 उम्मीदवारों ने एक विषय में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किया है।
आगरा की खुशी सबलोक का देश में पांचवां स्थान
दिल्ली की देविना गहलोत का पांच विषयों में स्कोर 1232.19 रहा है। दूसरे नंबर पर दिल्ली के सक्षम गोयल, तीसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश के उदित चतुर्वेदी, चौथे स्थान पर श्रीवंश मिश्रा और पांचवें स्थान पर आगरा की खुशी सबलोक 1203.78 स्कोर के साथ रहीं हैं। आगरा की खुशी सबलोक का कहना है कि वे दिल्ली यूनिवर्सिटी से ई कॉमर्स के बाद एमबीए की पढ़ाई करना चाहती हैं। दयालबाग के रहने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट राजेश सबलोक और रेनू सबलोक की बेटी खुशी सबलोक ने इसी वर्ष मई में घोषित हुए सीबीएसई 12 वीं में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया था, खुशी सबलोक ने डीपीएस से कामर्स से 12 वीं की है।