आगरालीक्स…आगरा में युवक के खाते से 10 ट्रांजेक्शन से निकाले गए 2.40 लाख रुपये. बैंक से नहीं आया कोई मैसेज, पासबुक अपडेट कराने गया तो उड़ गए होश…एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर हुई वारदात
आगरा में साइबर अपराधियों द्वारा एक युवक के खाते से 10 ट्रांजेक्शन में 2.40 लाख रुपये पार कर दिए गए हैं. साइबर अपराधियों ने यह रकम एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर निकाली है. मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के मैसेज न आने पर युवक को समय पर इसकी जानकारी नहीं हो सकी. युवक जब अपनी पासबुक अपडेट कराने बैंक गया तब उसे रकम निकाले जाने की जानकारी हुई जिसे देखकर उसके होश उड़ गए. थाना सिकंदरा में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है.

ये है पूरा मामला
सिकंदरा के लोहकरेरा गांव में खेम सिंह रहते हैं. खेम सिंह का मथुरा की स्टेट बैंक आफ इंडिया में खाता है. खेम सिंह के अनुसार उन्होंने 13 अक्टूबर को रुनकता में स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकाले थे. इसके बाद उसके खाते में से 13 से 24 अक्टूबर के बीच 10 ट्रांजेक्शन किए गए और इस दौरान 2.40 लाख रुपये निकाले गए. खेम सिंह ने बताया कि उसका मोबाइल नंबर खाते में रजिस्टर्ड है लेकिन ट्रांजेक्शन होने का कोई भी मैसेज उसके पास नहीं आया, जबकि एटीएम कार्ड उसी के पास था. रकम निकाले जाने की जानकारी बैंक जाने पर हुई. खेम सिंह ने बताया कि बैंक में बताया गया कि कार्ड का क्लोन बनाकर किसी ने उकने खाते से रकम निकाली है. थाना सिकंदरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है.