आगरालीक्स… देश के उत्तरी भागों में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आगरा में भी सर्द हवा चलने की संभावना जताई जा रही है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर तापमान शून्य से कम हो गया है, जिसके चलते कई झीलें और नदियां जम गई हैं। दिल्ली में सर्दी ने पिछले दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। आईएमडी के मुताबिक हिमाच्छादित पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फीली हवाएं चलने से सर्दी का प्रकोप बरकरार है। अगले पांच-छह दिन तक तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में वहां के प्रशासनिक केंद्र केलांग में सर्वाधिक सर्दी पड़ रही है। यहां शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के कारण कई स्थानों पर पानी की लाइनें, चंद्रप्रभा नदी समेत कई जलाशयों का पानी जम गया है। जम्मू कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर की मशहूर डल झील भी जम गई है।