आगरालीक्स… आगरा में चांदी की कीमत तेज चल रही है। सोने की कीमतें अभी स्थिर चल रही हैं। सेंसेक्स ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचने के बाद आज गिरावट पर खुला।
वायदा बाजार में सोने के भाव आज 50,515 रुपये प्रति दस ग्राम पर खुले, जो बिना किसी गिरावट के दोपहर तक 50,820 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए थे। चांदी की कीमतों में तेजी का रुख चल रहा है। चांदी आज सुबह 68,958 रुपये प्रति किलो के भाव पर खुली जो बिना किसी गिरावट के 70 हजार रुपये को पारकर दोपहर तक 70,605 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी।
शेय़र बाजार की शुरुआत लाल निशान से
नकारात्मक वैश्विक संकेतों की वजह से आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान से हुई। बीएसई का सेंसेक्स 28 अंक की गिरावट के साथ 46,932 पर खुला। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 19 अंक की गिरावट के साथ 13,741 पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान ही गिरते हुए सेंसेक्स 268 अंक गिरकर 46,693.95 पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 86 अंक गिरकर 13,674 पर पहुंच गया था। हालांकि सुबह दस बजे के बाद इसमें उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। शुरुआती कारोबार में 648 शेयरों में तेजी और 837 में गिरावट आई है। फार्मा के अलावा सभी सेक्टर लाल निशान में चल रहे हैं। निफ्टी में बढ़त हासिल करने वाले प्रमुख शेयरों में एलएंडटी, सिप्ला, सनफार्मा, रिलायंस इंडस्ट्री और इनफोसिस आदि शामिल हैं।