आगरालीक्स ….आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीए, बीएससी, बीकॉम सहित स्नातक की 45 हजार सीटें खाली हैं, 10 अगस्त तक प्रवेश के लिए वेब पंजीकरण करा सकते हैं। ( DBRAU, Agra : 45000 UG seat vacant, Web registration till 10th August 2024)
विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक प्रोफेसर संजीव शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय से आगरा समेत मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के करीब 550 कालेज संबद्ध हैं। इनमें स्नातक प्रथम सेमेस्टर 1.50 लाख सीटें हैं। इसके लिए अभी 1.05 लाख छात्रों और छात्राओं ने आवेदन किया है। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर वेब पंजीकरण करना जरूरी है। इसके बाद ही कालेज और आवासीय संस्थान में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीए, बीएससी, बीकॉम सहित अन्य स्नातक स्तर के पाठयक्रमों में प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए वेब पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 30 जून घोषित की थी। तय सीटों के मुकाबले 65 फीसदी ही आवेदन आए थे। ये देख वेब पंजीकरण की तिथि बढ़ाकर 20 जुलाई कर दी। इस तिथि तक भी 45 हजार सीटें रिक्त हैं। तिथि और बढ़ा दी है अब 10 अगस्त तक वेब पंजीकरण किया जा सकता है।