आगरालीक्स…(20 January 2022 Agra News) आगरा में निकली धूप तो खिल गए रूप…तापमान बढ़ा लेकिन घना कोहरा छाएगा. दो दिन बारिश के भी पूरे—पूरे आसार…
आगरा में गुरुवार को सूर्य देव के दर्शन लोगों को हुए तो एक अलग ही खुशी छा गई. चेहरे पर खुशी हो भी क्यों न…तीन से चार दिन बाद सूर्य देव अपने दर्शन देने आए. वरना लोगों का तो ठंड के कारण बुरा हाल हो रखा था. कई दिन से गलनभरी ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या तक बदल गई. आज सुबह भी ठंड का प्रभाव अधिक देखा गया लेकिन जैसे—जैसे दिन चढ़ता गया, धीरे—धीरे आकाश में सूर्यदेव दिखाई देने लगे. धूप लेने के लिए हर कोई आतुर सा दिखा. कई दिन बाद निकली धूप सुहानी लग रही थी. इसके कारण आगरा के तापमान में इजाफा भी हुआ हे. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेलिसयस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से अभी भी 6 डिग्री तक कम है तो वहीं न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ये सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा.

घना कोहरा और बारिश के आसार
लोगों को हालांकि अभी भी सर्दी से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है. शुक्रवार को शहर में घना कोहरा छाने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं. इसके अलावा शुक्रवार और शनिवार को बारिश के भी आसार जताए गए हैं. शनिवार को अच्छी बारिश हो सकती है. अगर बारिश होती है तो ठंड का प्रभाव और अधिक दिखाई देगा.