आगरालीक्स…आगरा में बोले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य—300 यूनिट फ्री बिजली देने वालों के समय बिजली के तारों पर कपड़े सूखते थे…
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों के स्टार प्रचारकों का आगरा में आने का सिलसिला जारी है. शुक्रवार को कांग्रेस नेता नसीमउद्दीन सिददीकी ने जहां दम दिखाया तो वहीं अखिलेश और जयंत की जोड़ी ने यहां जोश भरने का काम किया. भाजपा की ओर से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी आगरा की तीन विधानसभा सीटों पर अपना दम दिखाया. आगरा आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने फतेहपुर सीकरी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग आज 300 यूनिट बिजली फ्री देने का वादा कर रहे हैं, उनके समय में बिजली के तारों पर कपड़े सूखा करते थे.

डिप्टी सीएम ने कहा कि ये लोग लूट येाजना के लिए, जमीन पर कब्जा करने के लिए अराजकता के लिए राजनीति करते हैं. इनका लक्ष्य सिर्फ इतना है बांटो और वोट लेकर सत्ता मिलते ही लोगों को लूटो. उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 सालों में इतने कार्य नहीं हुए जितने भाजपा के पांच साल में हुए. उन्होंने कहा कि भाजपा के कारण ही कश्मीर को धारा 370 से मुक्ति देकर देशवासियों को दर्द से मुक्ति दिलाई है. उन्होंने सपा एंड कंपनी के गठबंधन को यूपी की 24 करेाड़ जनता के लिए खतरे की घंटी बताया.