आगरालीक्स …………आगरा के राजामंडी में कारोबारी पिता पुत्र की हत्या के बाद व्यापारियों ने हत्यारों को पकडने और सुरक्षा की मांग को लेकर अनशन शुरू कर दिया था। गुरुवार शाम साढ़े चार बजे डीआइजी लक्ष्मी सिंह अनशन स्थल पर पहुंचीं, व्यापारियों से कहा कि हत्या की साजिश रचने वाले पकड़े जा चुके हैं। जो बचे हैं, उनकी गिरफ्तारी को दबिश चल रही है। उन पर रासुका लगेगी और शूटरों पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। डीआइजी ने व्यापारियों से कहा कि शस्त्र लाइसेंस के संबंध में उन्होंने मंडलायुक्त से आग्रह किया था। उन्होंने कह दिया है कि जिन व्यापारियों के शस्त्र लाइसेंस लंबित हैं, वह पंद्रह दिन में स्वीकृत हो जाएंगे। आठ-दस दिन में सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट शासन को भेज दी है। जिन पुलिस अधिकारियों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ जरूर कार्रवाई होगी। डीआइजी ने कहा कि हम पर भरोसा करें और बाजार खोलें। राजामंडी में पुलिस के साथ पीएसी तैनात रहेगी। हर बाजार में पुलिस नियमित गश्त करेगी। शाम को बाजार बंद होते वक्त पिकेट पर पुलिस मौजूद रहेगी।
मुस्तैद दिखेगी आगरा पुलिस
चीता मोबाइल की जिम्मेदारी और ड्यूटी का स्थान तय होगा। वह मर्जी से कहीं भी यूं ही नहीं घूमेगी। राजामंडी के एक व्यापारी ने कहा कि चौकी में बैठकर बदमाश कूलर की हवा खाते हैं। हमें उनसे डर लगता है। इस पर डीआइजी ने कहा कि अब ऐसा कुछ नहीं होगा। आप सब बेखौफ रहें, पुलिस की कार्यशैली में बदलाव नजर आएगा। इसके बाद व्यापारियों ने अनशन समाप्त कर दिया।
इस दौरान हेमंत भोजवानी, जीवतराम करीरा, रमनलाल गोयल, सुनील कर्मचंदानी, जगदीश जुम्मानी, मेघराज, रवि दुबे आदि मौजूद थे।
—
Leave a comment