
आगरालीक्स …..आगरा में भाजपाईयों की गुटबाजी के बीच सांसद बाबूलाल खेमे के श्याम भदौरिया को जिलाध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री से दूर हुए विजय शिवहरे को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने इनके नामों की घोषणा की। महानगर अध्यक्ष के पद पर केंद्रीय मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया के गुट के अनिल चौधरी के नामांकन को चुनौती देते हुए विजय शिवहरे ने भी नामांकन किया था। ब्रज क्षेत्र कार्यालय में नामांकन में देर से पहुंचने पर जमकर हंगामा हुआ था। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के बाद से भाजपा में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा के सपा में जाने के बाद से भाजपा कार्यकर्ता सपा ज्वाइन कर रहे हैं। इससे संगठन में गुटबाजी के साथ संगठन कमजोर होता जा रहा है। इसे देखते हुए मई में जिला और महानगर कार्यकारिणी घोषित की जानी थी, लेकिन 27 अप्रैल को ही घोषित कर दिया गया।
महानगर अध्यक्ष श्याम भदौरिया बजरंग दल में रह चुके हैं और भाजपा में दो बार महामंत्री रहे हैं। इसके बाद उन्हें महागनर अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, विजय शिवहरे युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं और वे ब्रज क्षेत्र के प्रवक्ता हैं।
जिलाध्यक्ष का टूटा सपना
जिलाध्यक्ष के लिए अशोक राना, प्रशांत पौनिया, मधुसूदन शर्मा, प्रदीप भाटी, राज कुमार शर्मा और सत्यदेव दुबे सक्रिय थे। ये सभी दावेदार खुद को जिलाध्यक्ष पद का सबसे अच्छा दावेदार बताते हुए संगठन के वरिष्ठ सदस्यों से भी नजदीकी मानते हुए अपने नाम की घोषणा होने का दावा कर रहे थे। मगर बुधवार रात को अचानक से श्याम भदौरिया के नाम की घोषणा होने से दावेदारों को बडा झटका लगा है।
महानगर अध्यक्ष पद के लिए हुई भी दावेदारी
इसी तरह महानगर अध्यक्ष पद के लिए नागेंद्र प्रसाद दुबे गामा, अनिल चौधरी, भगवान दास दक्ष, अजय जैसवाल, गनेश चंद्र और विजय शिवहरे ने दावेदारी की थी।
Leave a comment