आगरालीक्स …आगरा में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाडे डॉक्टर के परिवार को बंधक बनाकर लूट की, तीन साल के मासूम की कनपटी पर तमंचा लगाकर लूटपाट कर बदमाश फरार हो गए। दिनदहाडे लूट से खलबली मची हुई है, पुलिस अधिकारी और भाजपा नेता पहुंच गए हैं।
68 जयपुर हाउस में राकेश मित्तल अपने बेटे डॉ आशीष मित्तल और रजत के साथ रहते हैं। गुरुवार को डॉ आशीष प्रताप पुरा स्थित क्लीनिक पर गए थे, रजत कारोबारी हैं वे भी सुबह चले गए थे। दोपहर में खाना खाने के बाद राकेश मित्तल भी बाहर चले गए। घर पर डॉ आशीष मित्तल की मांग रागिनी और पत्नी रिचा, बेटा निखिल और भतीजा ध्रुव था।
घर में घुसते ही बच्चों की कनपटी पर ताना तमंचा
दोपहर दो बजे बदमाश उनके घर में घुस आए, तीन बदमाश अंदर आ गए, तीन बाहर खडे रहे। बदमाशों ने निखिल की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और कमरे में घुसकर लूटपाट करने लगे। करीब 10 मिनट तक बदमाश लूटपाट करते रहे, इस दौरान रांगिनी और रिचा दहशत से कांपती रहीं।
डॉ आशीष मित्तल क्लीनिक से लौटे और बदमाशों से भिड गए
इसी बीच लंच करने के लिए डॉ आशीष मित्तल अपने घर आ गए, बाहर का गेट खुला हुआ था वे अंदर पहुंचे तो उनकी मां और पत्नी डर से कांप रहीं थी। अंदर कमरे में बदमाश लूटपाट कर रहे थे। वे बदमाशों से भिड गए।
बच्चों को जान से मारने की दी धमकी
बदमाशों और आशीष के बीच जमकर गुत्थमगुत्था हुई। कमजोर पड़ते देख बदमाशों ने दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इस पर आशीष रूक गए और बदमाशों ने उन पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया। इसके बाद वे लूटा हुआ माल लेकर भाग गए।
फोन से 100 नंबर करते रहे डायल नहीं उठा
डॉ आशीष मित्तल का कहना है कि परिवार को कमरे में बंद कर बदमाश लूटपाट करते रहे, उन्होंने अपने मोबाइल से 100 नंबर डायल किया लेकिन फोन नहीं उठा। उनका कहना है कि करीब 16 बार 100 नंबर डायल किया लेकिन फोन नहीं उठा।
देखें वीडियो
कम उम्र के बदमाश, लूटपाट कर फरार
बदमाश कम उम्र के बताए जा रहे हैं, डॉक्टर के परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने 15 मिनट तक लूटपाट की, बदमाश लूटपाट कर फरार हो गए। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं, बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
