Doctor’s on strike on 17 June in Agra
आगरालीक्स ..आगरा में 48 घंटे बाद डॉक्टर हडताल पर चले जाएंगे, निजी क्लीनिक और हॉस्पिटल में मरीजों को 24 घंटे इलाज नहीं मिलेगा, गंभीर मरीजों को ही इमरजेंसी में भर्ती किया जाएगा। कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई मारपीट के बाद देश भर में चल रहे आंदोलन में आगरा के निजी चिकित्सकों ने 17 जून को हडताल पर जाने की चेतावनी दी है।
आइएमए, आगरा के सचिव डॉ. ओपी यादव ने बताया कि 17 जून सुबह छह से 18 जून सुबह छह बजे तक डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। ओपीडी में मरीज नहीं देखे जाएंगे, नए मरीज भर्ती नहीं किए जाएंगे। गंभीर मरीजों को ही इमरजेंसी में भर्ती किया जाएगा।
सुरक्षा की उठाई मांग
शुक्रवार सुबह आइएमए के पदाधिकारी और जूनियर डॉक्टर कलक्ट्रेट पहुंचे। डॉक्टरों ने कोलकाता में जूनियर डॉक्टर की पिटाई पर आक्रोश व्यक्त किया। डॉक्टरों ने कहा कि भयभीत माहौल में इलाज करना मुश्किल है। डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए बनाए गए मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के लागू होने के बाद भी अमल में न आने पर रोष व्यक्त किया।
ये बोले जूनियर डॉक्टर
जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि मरीजों की संख्या अधिक है, मेडिकल कॉलेजों में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। ऐसे में मरीज की मौत पर तीमारदार भड़क रहे हैं। मारपीट करने वाले मरीज और तीमारदार पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही मेडिकल कॉलेजों में जूनियर डॉक्टरों को सुरक्षा दी जाए। आइएमए, आगरा के अध्यक्ष डॉ. अशोक शिरोमणि, डॉ. डीवी शर्मा, सचिव डॉ. ओपी यादव, पूर्व अध्यक्ष डॉ. जेएन टंडन, जूडा अध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र चाहर उपस्थित रहे।