आगरालीक्स ….जीवन में स्पीड जरूरी है लेकिन यह स्पीड सड़क पर नहीं दिखानी चाहिए। डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंन्स्टीट्यूशंस की एनएसएस ईकाई द्वारा सड़क सुरक्षा पखवाड़े के समापन पर गोष्ठी आयोजित की गई, रैली निकाली गई।

मुख्य वक्ता सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एस के मिश्रा जी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक को यातायात के नियमों को पालन करना चाहिए, एक छोटी सी चूक एक बड़ी दुर्घटना का कारण बनती है। जिससे परिवारों को जिंदगी भर की त्रासदी झेलनी पड़ती हैं। छोटे-छोटे नियमों का पालन कर व जागरुक बनकर इन सबसे बचा जा सकता है।
विशेष अतिथि के तौर पर ट्रेफिक इंस्पेक्टर आनंद कुमार ओझा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात के नियमों का पालन जुर्माने व चालान से बचने के लिए न करके खुद ही प्रेरणा से करना चाहिए। ट्रैफिक पुलिस सभी नागरिकों की सहायता के लिए है। संस्थान के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह ने कहा कि जीवन में गति आवश्यक है परन्तु इस प्रकार की तेजी सड़क पर नहीं दिखानी चाहिए क्योंकि एक जन की हानि पूरे परिवार को जीवनभर का दंश दे जाती है। उन्होंने 18 वर्ष से कम आयु से बच्चों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर ही गाड़ी चलाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रतिनिधि वीरेंद्र गुप्ता, देवेन्द्र गुप्ता ने सड़क सुरक्षा पर अपने विचार प्रस्तुत किये। डा. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सी बी जदली ने इस प्रकार के आयोजन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस जागरुकता कार्यक्रमों से छात्रों में यातायात नियमों के प्रति अवेयरनेस बढ़ती है, संस्थान के इस तरह के आयोजन करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रवल प्रताप ने किया। इस अवसर पर डॉ. एमपीएस ग्रुप के कार्यवाहक निदेशक डॉ. एके गोयल, डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की उप प्रधानाचार्या रितु सिंह, डीन एकेडमिक्स एच एल गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाऐं उपस्थित रहे।