आगरालीक्स…(15 January 2022 Agra News) न मथुरा से न अयोध्या से और न कांशी से सीएम योगी लड़ेंगे गोरखपुर से चुनाव. अखिलेश यादव ने कसा तंज
सीएम योगी आदित्यनाथ की सीट से हर कोई हैरान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अब सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने—अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी करना शुरू कर दी हैं. कांग्रेस, बसपा और सपा के बाद आज भाजपा ने भी अपनी पहली सूची जारी कर दी है. भाजपा ने इसमें 107 प्रत्याशियों की सूची जारी की है जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का भी नाम शामिल है. इसके अलावा पहले चरण की 58 सीटों में से 57 और दूसरे चरण के 55 सीटों में से 48 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. सबसे बड़ा उलटफेर जो देखने को मिल रहा है वह है सीएम योगी आदित्यनाथ की सीट को लेकर. अभी तक राजनीतिक गलियारों में सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम मथुरा व अयोध्या सीट के लिए लिया जा रहा था. अयोध्या से सीएम योगी आदित्यनाथ का लड़ना एक दिन पहले तक तय था लेकिन आज अचानक सूची जारी की गई तो उसमें सीएम योगी आदित्यनाथ को उनके राजनीतिक घर यानी गोरखपुर से ही चुनाव लड़ाने का फैसला लिया गया है. भाजपा के इस फैसले ने हर किसी को हैरान कर दिया है.

अखिलेश यादव ने कसा तंज
सीएम योगी के गोरखपुर से चुनाव लड़ने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज भी कसा है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर इसको लेकर एक पोस्ट भी किया है…अखिलेश ने लिखा है ‘कभी कहा मथुरा… कभी कहा अयोध्या… और अब कह रहे हैं… गोरखपुर… जनता से पहले इनकी पार्टी ने ही इनको वापस घर भेज दिया है… दरअसल इनको टिकट मिली नहीं है, इनकी वापसी की टिकट कट गयी है.