आगरालीक्स….आयकर विभाग के छापे पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने टवीट किया है, कहा है कि भाजपा का हार का डर जितना बढ़ता जायेगा, विपक्षियों पर छापों का दौर भी उतना बढ़ता जाएगा फिर भी सपा का रथ व हर कार्यक्रम बदस्तूर चलता जाएगा।
अब तो जनता पूरी तरह भाजपा के ख़िलाफ़ विपक्ष के साथ खड़ी है, अब क्या बाइस के लिए भाजपा सरकार उप्र की बाइस करोड़ जनता के यहाँ छापे डालेगी।
शनिवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ओएसडी रह चुके गजेंद्र सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारा। टीम जांच में जुटी हुई है। जबकि आयकर विभाग की दूसरी टीम ने आरसीएल कंपनी के प्रमोटर मनोज यादव के मैनपुरी आवास पर कार्रवाई शुरू की। जबकि तीसरी टीम सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के मऊ स्थित आवास पर सुबह आयकर विभाग की टीम पहुंची। राष्ट्रीय सचिव राजीव राय का कहना है कि आयकर विभाग के लोग आए हैं, मेरा कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मेरे पास ब्लैक मनी नहीं है, मैं लोगों की मदद करता हूं और सरकार को यह पसंद नहीं आ रहा है।
आगरा में भी छापे की खबर
बताया जा रहा है कि आगरा में भी आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उधर, एक साथ तीन जगहों पर सपा पार्टी से जुड़े हुए लोगों के यहां आयकर विभाग की कार्रवाई से राजनीति गर्माने लगी है।