
रेलवे सुरक्षाबल को पिछले काफी दिनों से शहर में अवैध रूप से रेलवे की ई-टिकट बनाने की शिकायतें मिल रही थीं। बताया जाता है कि ट्रेवल एजेंसियों द्वारा इस काम को काफी गुप्त तरीके से अंजाम दिया जा रहा था। इस पर गुरुवार को सुबह रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आगरा फोर्ट के प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह के निर्देशन में एक टीम ने शाहगंज स्थित ए.के. टेवल्स के यहां छापा मारा। टीम ने एजेंसी से आगे की तिथियों की करीब 27 ई-टिकट बरामद की। पुलिस ने ट्रेवल एजेंट अनिल कुमार पुत्र सुरेशचंद निवासी 20बी, जनकपुरी, न्यू शाहगंज, आगरा को पकड़ लिया। पुलिस ने अनिल को रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह ने बताया कि एजेंसी के पास ई-टिकट बनाने का कोई भी लाइसेंस नहीं था। यहां पर अवैध रूप से ई-टिकट बनाकर बेचे जा रहे थे। श्री सिंह ने बताया कि टीम ने एजेंसी द्वारा इससे पहले करीब तीन लाख रुपये तक की ई-टिकट बनाकर बेची जा चुकी हैं। श्री सिंह ने बताया कि शहर में अभी भी कई जगह अवैध रूप से ई-टिकट बनाकर बेची जा रही हैं, जल्द ही इन लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
Leave a comment