आगरालीक्स…(5 June 2021 Agra) सांसद कठेरिया और उनकी पत्नी पर धोखाधड़ी और चौथ मांगने का आरोप. मुकदमा दर्ज कराने कोर्ट में दिया प्रार्थना पत्र
गंभीर आरोप
थाना एत्मादपुर क्षेत्र में रहने वाले एक किसान ने इटावा के सांसद रामशंकर कठेरिया और उनकी पत्नी समेत 10 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, चौथ वसूली और मारपीट का आरोप लगाया है. किसान ने इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब कोर्ट ने इस पर 16 जून को थाना एत्मादपुर से आख्या तलब की है.
एत्मादपुर के रहनकलां का मामला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार किसान एत्मादपुर के रहनकला का रहने वाला लक्ष्मी नारायण है. लक्ष्मी नारायण ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया है कि उसके व अन्य खातेदारों के पूर्वज चंद्रभान, जोध सिंह, सोवरन और अमर देवी के पिता श्रीलाल उर्फ श्रीपाल ने 16 अगस्त 1958 को दस बीघा खेत का बैनामा कराया था. इस जमीन में अमर देवी के पिता श्रीलाल का चौथाई हिस्सा था. पूर्व में इस खेत का खसरा नंबर 1225 और वर्तमान में 924 है. उसी बैनामे के आधार पर खरीददारों के नाम अंकित हुए थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार किसान का कहना है कि जोध सिंह, चंद्रभान और सोवरन सिंह की मौत हो जाने के बाद उनके वारिसों के नाम इस खतौरी में अंकित कर दिए गए. लेकिन अमर देवी ने साजिशन फर्जी दस्तावेज तैयार कर श्रीपाल की वारिश बनकर 16 अगस्त 1958 में दर्ज नाम हटवाकर अपना नाम दर्ज करा लिया और 28 फरवरी 2020 को लक्ष्मीनरायन व अन्य खातेदारों को सूचित किए बिना धोखाधड़ी से नामांतरण करा लिया.
बताया जाता है कि इस जमीन का बैनामा इटावा के सांसद रामशंकर कठेरिया की पत्नी मृदुला कठेरिया के नाम करके 24 फरवरी 2021 को उनके नाम नामांतरण करा लिया. सांसद की पत्नी ने अभिलेखों में पति के नाम की जगह पिता का नाम और पता दर्ज कराया है. हकीकत सामने आने पर लक्ष्मीनरायन ने एसएसपी और मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत की. मगर, कोई कार्रवाई नहीं हुई. आरोप है कि इसके बाद 30 मई 2021 को सांसद, उनकी पत्नी अन्य लोगों के साथ खेत जोतने और बोने पहुंचे. विरोध करने पर पीड़ित और उसके परिजनों से मारपीट, गाली गलौज और धमकी दी गई. उनका कहना था कि अमर देवी ने यह संपत्ति सांसद की पत्नी को बेच दी है. वे कब्जा लेकर ही रहेंगे. लक्ष्मीनरायन का आरोप है कि झूठे दस्तावेज और सत्ता का दुरुपयोग कर आरोपितों ने यह कार्य किया है. खेत वापसी के एवज में विपक्षी पांच करोड़ रुपये की चौथ मांग रहे हैं. लक्ष्मीनरायण ने अधिवक्ता रमाशंकर राजपूत के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है.