अलीगढ़, आगरालीक्स… किसानों के कल छह फरवरी को होने वाले चक्का जाम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। किसान संगठनों ने यमुना एक्सप्रेस-वे और राजमार्गों को जाम करने की घोषणा की है लेकिन इस दौरान रोडवेज बसों और यातायात के साधन सामान्य की तरह संचालित होंगे। वहीं गाजीपुर बार्डर पर किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसान अभी भी धरने पर बैठे हैं, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओँ का आना-जाना लगा हुआ है।
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने छह फरवरी को चक्का जाम करने की घोषणा की है, जिसमें दिल्ली और एनसीआर को छोड़कर अन्य स्थानों पर किसान अपने-अपने स्थानों पर चक्का जाम करेंगे और कृषि कानून को खत्म करने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन देंगे।
टप्पल, पलवल मार्ग करेंगे जाम
इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष विमल तोमर ने कहा है कि किसानों ने छह फरवरी को टप्पल में यमुना एक्सप्रेस-वे, टप्पल-पलवल मार्ग और जीटी रोड पर किसान चक्का जाम करेंगे। जाम-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से होगा। आगरा में भी कुछ किसान संगठन इसके लिए तैयार हैं लेकिन कोई घोषणा नहीं की गई है। पुलिस प्रशासन को जाम के लिए अलर्ट कर दिया गया है।
रोडवेज बसों का संचालन सामान्य की तरह
दूसरी ओर आगरा के आईएसबीटी प्रभारी चंद्रकांत ने बताया कि किसान आंदोलन के दौरान भी उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन विभाग की बसें सामान्य की तरह से संचालित होंगी। दिल्ली रूट पर भी नियमित और समयानुसार बसों का संचालन किया जा रहा है, जो छह फरवरी को भी सामान्य की तरह से जारी रहेगा।