आगरालीक्स…(21 January 2022 Agra News) आगरा में 4 माह के मासूम को वेंटिलेटर पर छोड़कर पिता तीन दिन से गायब. पुलिस तक पहुंचा मामला…
आगरा में एक चार माह का मासूम वेंटीलेटर पर गंभीर हालत में अस्पताल में है. लेकिन तीन दिन से न तो उसके पिता का कोई पता चल रहा है और न ही किसी अन्य रिश्तेदार का. शहर के सिकंदरा हाइवे स्थित सिनजी अस्पताल में भर्ती इस बच्चे के पिता का पता लगाने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने अब पुलिस का सहारा लिया है.

ये है पूरा मामला
सिनर्जी अस्पताल द्वारा की गई शिकायत के अनुसार 19 जनवरी को इटावा के जोनई में रहने वाले रंजीत सिंह ने चार महीने के बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया था. बच्चे को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत बताई गई. बच्चे की जांच करने पर आंतों में रुकावट की पहचान हुई जिसके लिए सर्जरी की आवश्यकता थी. मरीज के गंभीर होने (अत्यधिक बुखार और मिर्गी के दौरे) के कारण बच्चे को वेंटिलेटर पर रखकर समुचित उपचार किया गया.
शिकायत में आरोप है कि बच्चे की हालत अधिक खराब होने पर बच्चे का पिता और के रिश्तेदार मरीज को छोड़कर चले गए. आज शुक्रवार को बच्चे की स्थिति में कुछ सुधार होने पर उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया लेकिन अनेकों बार फोन करने पर भी मरीज के पिता फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं. मरीज का कोर्ठ अटेंडर भी मरीज के पास नहीं है. अस्पताल प्रबंधन ने इस संबंध में थाना सिकंदरा पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है.