फिरोजाबादलीक्स …वीडियो दौड़ती स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में मारा पत्थर, जिस कोच में संघ प्रमुख मोहन भागवत बैठे थे उसका शीशा टूटा। एडीजी आगरा सहित पुलिस अधिकारी पहुंचे। सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध।
लखनऊ नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस से आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी के साथ नई दिल्ली जा रहे थे। संघ प्रमुख कानपुर से ट्रेन में बैठे थे। दोनों कोच ई 1 में थे और संघ प्रमुख मोहन भागवत सीट नंबर 39 पर बैठे हुए थे। गुरुवार शाम सात बजे मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के पास अचानक से एक पत्थर ई 1 कोच की सीट नंबर 59 पर लगा, यह 39 नंबर सीट के पीछे की सीट थी। पत्थर लगने से कोच का बाहर का शीशा टूट गया अंदर का शीशा न टूटने से पत्थर कोच के अंदर नहीं जा सका। स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने की सूचना के बाद रेलवे प्रशासन के साथ ही सुरक्षा एजेंसी भी अलर्ट हो गईं, ट्रेन को बीच में रोका गया।
सीसीटीवी के आधार पर तीन के खिलाफ प्राथिमिकी
ट्रेन 7.34 बजे टूंडला स्टेशन पर पहुंची तो रेलवे अधिकारियों ने संघ प्रमुख से वार्ता की। इसके बाद एडीजी जोन, डीआईजी सहित पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीसीटीवी के आधार पर तीन पत्थर बीनने वालों को पत्थर फेंकने के आरोप में चिन्हित किया गया है, इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रेलवे का ये है कहना
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के आरपीएफ के सीनियर डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर दीपक आजाद का कहना है कि लखनऊ से दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। सब कुछ नियंत्रण में है, ट्रेन दिल्ली पहुंच चुकी है। अराजक तत्वों की तलाश के लिए मक्खनपुर -फिरोजाबाद रेल खंड के आसपास के इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। आसपास जो भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उनका फुटेज जुटाया जा रहा है। ट्रेन में भी कैमरे लगे हैं उसकी फुटेज से भी हमलावर की पहचान की जाएगी। अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। पत्थर सीधे ई 1 कोच में लगा है जिसमें संघ प्रमुख मौजूद थे । मोहन भागवत पूरी तरह सुरक्षित है। खिड़की का एक शीशा क्षतिग्रस्त हुआ है। मोहन भागवत दूसरी साइड बैठे थे। टूंडला जंक्शन पर आरपीएफ ने मोहन भागवत से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना।