फिरोजाबादलीक्स…10 साल की तमन्ना और 5 साल का अल्ताफ घर के बाहर खेलते समय हो गए लापता. पुलिस को दोनों 65 किमी दूर मिले…60 से अधिक सीसीटीवी खंगाले…पढ़िए पूरी खबर
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में दो मासूम बच्चे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गए. परेशान परिजनों को जब दोनों कहीं नहीं मिले तो पुलिस के पास पहुंचे. पुलिस ने 60 से अधिक सीसीटीवी खंगाले तो दोनों इटावा के रेलवे स्टेशन पर मिले. पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है.
मामला फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला जोशियान का है. यहां रहने वाली परवनी पत्नी शानू ने सोमवार को थाने में प्रार्थना पत्र दिया जिसमें उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे 10 साल की तमन्ना और 5 साल का अल्ताफ रविवार शाम को 6 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गए हैं. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चों की खोजबीन की. एसएसपी ने इसके लिए चार टीमों का गठन किया.
60 से अधिक सीसीटीवी देखे
सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए लगभग 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई. इनमें बच्चे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन की तरफ जाते दिखाई दिए. इसके बाद आरपीएफ कंट्रोल रूम की फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों बच्चे ट्रेन में सवार होकर इटावा की तरफ निकल गए हैं. रेलवे स्टेशन इटावा पहुंचकर पुलिस ने दोनों मासूमों को सकुशल बरामद कर लिया है. दोनों बच्चों को उनके मामा पिता को सौंप दिया है.