आगरालीक्स…(26 February 2022 Agra News) आगरा में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने नोटिस देकर एक दर्जन दवा कारोबारियों को दिल्ली बुलाया है। जानें क्या है पूरा मामला।
सेंट्रल ब्यूरो आफ नारकोटिक्स प्रिवेंटिव एंड इंटेलीजेंस सेल, नई दिल्ली के इंस्पेक्टर प्रवीन धुल ने टीम के साथ शुक्रवार और शनिवार को फव्वारा दवा बाजार में एक दर्जन दवा कारोबारियों से पूछताछ की। टीम ने दवा कारोबारियों को नोटिस दिए हैं, उसने जीएम ट्रेडर्स, कोसी कला को अप्रैल 2020 में नारकोटिक्स की दवाएं जैसे नींद की टैबलेट, मनोरोगियों को दी जाने वाली दवाएं सप्लाई की हैं उनका ब्योरा मांगा गया है। टीम ने दवा कारोबारियों को सात से 10 दिन का समय दिया है। दवा कारोबारियों से एक फार्मेट में नारकोटिक्स की दवाओं की सप्लाई का रजिस्ट्रर सहित अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा है। शनिवार को भी टीम ने फव्वारा दवा बाजार में कई घंटे तक दवा कारोबारियों से पूछताछ की।

एसोसिएशन के पदाधिकारी पहुंचे, विरोध भी किया
एनसीबी की कार्रवाई के दौरान आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन और जिला आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी भी पहुंच गए। जिला आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशु शर्मा ने स्थानीय औषधि विभाग, पुलिस और एसोसिएशन को जानकारी दिए बिना कार्रवाई करने पर सवाल उठाए।
ये है पूरा मामला
एनसीबी की टीम ने 26 अक्टूबर 2021 में जीएम ट्रेडर्स कोसी कला में छापा मारा था। टीम ने बड़ी मात्रा में नारकोटिक्स की दवाएं जब्त की थी, संचालक को टीम ने जेल भेज दिया था। इस मामले में टीम ने जांच की, फव्वारा दवा बाजार से बड़ी मात्रा में जीएम ट्रेडर्स कोसी कला को नारकोटिक्स की दवाएं सप्लाई की गईं। जिन दवा कारोबारियों के बिल मिले हैं उन्हें एनसीबी ने नोटिस दिया है और जवाब मांगा है।