आगरालीक्स …आगरा में लोकसभा चुनाव में सुर्खियों में रहे बसपा प्रत्याशी गुडडू पंडित को बसपा से निष्कासित कर दिया है, उनके भाई को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है।
फतेहपुर सीकरी से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़े श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित और गुड्डू पंडित के भाई और पूर्व विधायक मुकेश शर्मा निवासी गांव गिझौड, नोएटा को अनुशासनहीनता, कार्यकर्ताओं से अभद्रता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया गया है।
फतेहपुर सीकरी से लोकसभा चुनाव में गुड्डू पंडित पर पार्टी के कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा था। पार्टी के नेताओं ने भी हाईकमान तक इसकी शिकायत की थी। वहीं, गुड्डू पंडित सपा-बसपा और रालोद के संयुक्त प्रत्याशी होने के बाद भी तीसरे नंबर पर रहे। चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं से अभद्रता और दूसरे प्रत्याशियों के लिए अभद्र टिप्पणी करने के वीडियो भी वायरल हुए। जिला स्तर पर चुनाव के दौरान स्थानीय नेताओं से गुड्ड़ू पंडित का समन्वय भी बेहतर नहीं रहा। बसपा जिलाध्यक्ष संतोष आनंद का कहना है कि गुड्डू पंडित और उनके भाई मुकेश शर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
