आगरालीक्स… आगरा में हाईप्रोफाइल डॉक्टर फैमिली क्लैश मामले में डॉ अनुराग टंडन के सिर में डिप्रेस्ड फ्रैक्चर है, न्यूरोसर्जन की टीम इलाज में जुटी है, डॉ अमित टंडन, डॉ वैशाली टंडन और कर्मचारी राहुल पर थाना हरीपर्वत में जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ कमलेश टंडन के बडे बेटे डॉ अमित टंडन और छोटे बेटे डॉ अनुराग टंडन में प्रोपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। डॉ अमित टंडन और उनकी पत्नी डॉ वैशाली टंडन डॉ कमलेश टंडन हॉस्पिटल एंड आईवीएफ सेंटर देख रहीं हैंं। डॉ अनुराग टंडन और उनकी पत्नी डॉ पारुल टंडन पैथोलॉजी लैब देखती हैं। कमलेश टंडन उनके बडे बेटे डॉ अमित टंडन उनकी पत्नी डॉ वैशाली टंडन और छोटे बेटे अनुराग टंडन उनकी पत्नी डॉ पारुल टंडन हॉस्पिटल परिसर में बने आवास में रहते हैं। डॉ अनुराग टंडन ने आवास के अपने हिस्से में सीसीटीवी लगवा लिए थे, डॉ अमित टंडन भी अपने आवास में सीसीटीवी लगवा रहे थे। इसे लेकर विवाद हो गया।
डॉ अमित टंडन उनकी पत्नी और कर्मचारी पर मुकदमा
थाना हरीपर्वत में डॉ अनुराग टंडन की पत्नी पारुल ने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार शाम पांच बजे डॉ. अमित टंडन और उनकी पत्नी डॉ. वैशाली टंडन अपने कर्मचारी राहुल से डॉ अनुराग टंडन के आवास में लगे सीसीटीवी को हटवा रहे थे। अनुराग की पत्नी डॉ. पारुल टंडन का आरोप है कि इसी बीच अमित टंडन ने अनुराग के सिर में रॉड से प्रहार कर दिया। उन्हें पुष्पांजलि हॉस्पिटल में वेंटीलेटर पर रखा गया है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत प्रवीन कुमार मान का कहना है कि डॉ. पारुल की तहरीर पर अमित टंडन, उनकी पत्नी वैशाली टंडन और कर्मचारी राहुल के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
न्यूरोसर्जन की टीम कर रही इलाज
डॉ अनुराग टंडन को पुष्पांजलि हॉस्पिटल के आइसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया है, उनके सिर में डिप्रेस्ड फ्रैक्चर बताया जा रहा है, इस तरह के केस में न्यूरोसर्जरी करनी होती है, शहर के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन की टीम इलाज में जुटी हुई है, आपरेशन कब किया जाए, इसके लिए उनकी जांच कराई जा रही हैं।