आगरालीक्स…होली पर ब्रज के तीर्थस्थलों पर उमड़ रही है भीड़। मथुरा में घुसना भी दूभर। रास्तों पर जाम में घंटों फंस रहे लोग।
बरसाना हो या नंदगाव वाहनों की लंबी कतारें
मथुरा में होली को लेकर लाखों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। ऐसे में बरसाना हो या नंदगांव हर ओर वाहनों की कतारें दिख रही हैं। बरसाना-नंदगांव में रंगोत्सव के चलते लाखों श्रद्धालु मथुरा पहुंच रहे हैं। इससे मथुरा शहर की यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई है।
मथुरा शहर में वाहनों से जाम की स्थिति
बरसाना आने वाले बाहरी श्रद्धालुओं के वाहनों के कारण कई सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। आर्य समाज रोड, होलीगेट, कोतवाली रोड, भरतपुर गेट, भूतेश्वर, बीएसए कालेज रोड, नया बस स्टैंड आदि जगहों पर दिन में ज्यादातर समय जाम रहा।
अलीगढ़-हाथरस से आने वाला मार्ग भी जाम
अलीगढ़-हाथरस के श्रद्धालुओं ने यमुना पार की ओर से कृष्णापुरी और टैंक चौराहा होते हुए शहर के अंदर प्रवेश किया, इनकी आवाजाही का असर होलीगेट, भरतपुर गेट और डीगगेट पर भी दिखाई दिया। यही कारण रहा कि इन प्रमुख मार्गों पर अपेक्षाकृत ज्यादा भीड़ दिखाई दी। जबकि आगरा की ओर से आने वाले श्रद्धालु गोवर्धन चौराहा होते हुए ही बरसाना की ओर जा रहे हैं।