आगरालीक्स…बरसाना में कल शुक्रवार को खेली जाएगी लड्डू होली. सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे रंगोत्सव का शुभारंभ. शनिवार को खेली जाएगी विश्व प्रसिद्ध लठामार होली. जानें किस दिन कौन सी होली
ब्रज की होली यूं तो बसंत पंचमी से शुरू हो चुकी है लेकिन असली रंगोत्सव शुक्रवार 7 मार्च से शुरू होने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरसाना में रंगोत्सव की शुरुआत करेंगे. बरसाना में कल लड्डू होली खेली जाएगी और इसके अगले दिन विश्व प्रसिद्ध लठामार होली होगी.
राधारानी के करेंगे दर्शन
सीएम योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 11 बजकर 35 मिनट पर बरसाना में गोवर्धन रोड स्थित हेलीपैड पर पहुंंचेंगे. यहां से वह रोप वे के जरिए राधारानी मंदिरजाएंगे और दर्शन करेंगे. करीब 25 मिनट तक वे मंदिर में ही रुकेंग और इसके बाद वह साढ़े 12 बजे कस्बे में स्थित राधा बिहारी इंटर कॉलेज पहुंचेंगे जहां वह रंगोत्सव का शुभारंभ करेंगे. यहां करीब 30 मिनट तक रुकेंगे. करीब डेढ़ बजे सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे.
ये होंगी यातायात व्यवस्था
बरसाना में आज रात 8 बजे से वाहनों का प्रवेश बंद हो जाएगा वहीं श्रद्धालुओं को 5 किमी तक पैदल चलना होगा. प्रशासन ने यहां 56 पार्किंग बनाई हैं. गोवर्धन, छाता, नंदगांव की तरफ से आने वाले किसी भी वाहन को बरसाना में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. कस्बे में तीन वीआईपी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. मेला क्षेत्र में 100 बैरियर लगाए गए हैं.
ब्रज के मंदिरों में इस दिन होगी होली
7 मार्च 2025 शुक्रवार : लड्डू होली, श्रीजी मंदिर बरसाना
8 मार्च 2025 शनिवार : लठामार होली बरसाना
9 मार्च 2025 रविवार : लठामार होली नंदगांव
10 मार्च 2025 सोमवार : फूलों की होली, बांके बिहारी मंदिर, बरसाना और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा
11 मार्च 2025 मंगलवार : गोकुल होली और छड़ीमार होली गोकुल
12 मार्च 2025 बुधवार : गोपीनाथ मंदिर, वृंदावन में विधवाओं की होली
13 मार्च 2025 गुरुवार : होलिका दहन
14 मार्च 2025 शुक्रवार : मथुरा—वृंदावन सहित पूरे देश दुनिया में होली
15 मार्च 2025 शनिवार : हुरंगा, दाऊजी मंदिर बलदेव