आगरालीक्स…आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भीषण एक्सीडेंट. कानपुर के बड़े पेंट कारोबारी और वुडको पेंट कंपनी के मैनेजर की दर्दनाक मौत. दो घायल
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इनमें कानपुर के बड़े कारोबारी सागर कपूर और वुडको पेंट कंपनी के दिल्ली मैनेजर जितेंद्र आहूजा शामिल हैं. वहीं पेंट कंपनी के कानपुर मंडल के सेल्स मैनेजर राजेश ओझा और उनके मित्र रेलवे कर्मी दुर्गा प्रसाद गंभीर घायल है. सभी लोग कार से कानपुर से दिल्ली जा रहे थे लेकिन कान अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस ने घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है. हादसा एक्सप्रेस वे के मैनपुरी स्थित करहल थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 90 के पास हुआ है. कानपुर के बड़े पेंट कारोबारियों में शुमार सागर कपूर निवासी गोविंद नगर अपनी कार से दिल्ली जा रहे थे. उनके साथ दिल्ली निवासी जितेंद्र आहूजा, कानपुर के राधा नगर निवासी राजेश ओझा और कानपुर में ही रेलवे कर्मी गंगागंज पनकी निवासी दुर्गा प्रसाद सवार थे. करहल में इनकी कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से बुरी तरह से जा टकराई. कार के टकराने के बाद वो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. कार में आगे बैठे सागर कपूर और जितेंद्र आहूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश और दुगा प्रसाद की हालत गंभीर है. पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है. हादसे के कारणों को पता लगाया जा रहा है.