आगरालीक्स…आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप 7 फरवरी से. भारत—पाकिस्तान फिर से एक ही ग्रुप में. हिटमैन रोहित शर्मा बनाए गए ब्रांड एंबेसडर…जानें पूरा शेड्यूल
आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. भारत इस टूर्नामेंट का इस समय चैम्पियन है. 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्राफी जीती थी. अब 2026 में भारत इस खिताब को बचाने के लिए उतरेगा. भारतीय क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी से करेगी. रोहित शर्मा को इस विश्व कप का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है.भारत—श्रीलंका को मेजबानी
अगले साल होने वाले आईसीसी टी20विश्व कप की मेजबानी इस बार भारत और श्रीलंका करेंगे. टूर्नामेंट में इस बार 20 टीमें खेलेंगी. यह इस टूर्नामेंट का 10वां संस्करण है. आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, 2024 में अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप दिलाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा,मौजूदा भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव, बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मनहास, सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष शुक्ला इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे.
टूर्नामेंट में 20 टीमों के बीच चार ग्रुप बनाए गए हैं और हर ग्रुप में पांच टीमों को रखा गया है. भारत और पाकिस्तान फिर से एक ही ग्रुप में हैं.
ग्रुप ए— भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया, नीदरलैंड
ग्रुप बी — आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान
ग्रुप सी — इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल, इटली
ग्रुप डी — न्यूजीलैंड,दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई
हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी. सुपर आठ चरण में आठ टीमें दो ग्रुप में बांटी जाएंगी जिसमें प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें होंगी. इनमें दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी. इसके बाद दो टीमें फाइनल खेलेंगी.
15 फरवरी को भारत—पाकिस्तान का मैच
भारतीय क्रिकेट टीम पहला मैच 7 फरवरी को अमेरिका के साथ मुंबई में खेलेगी. इसके बाद नामीबिया के साथ 12 फरवरी को दिल्ली में मैच होगा. भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मैच होगा. भारतीय क्रिकेट टीम का ग्रुप का आखिरी मैच 18 फरवरी को नीरदलैंड से होगा.
