नईदिल्लीलीक्स… भारत ने अहमदाबाद में आज चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड को पारी और 25 रन से करारी शिकस्त देकर श्रृंखला 3-1 से जीत ली है। भारत की घर में लगातार 10वीं टेस्ट सीरीज में जीत है।
भारत ने आज वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल के साथ अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाया। सुंदर और अक्षर ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। सुंदर अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे कि अक्षर रन आउट हो गए।
वाशिंगटन की 96 नाबाद रन की सुंदर पारी
इस समय सुंदर 96 रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन अक्षर के आउट होने के बाद इशांत शर्मा आए लेकिन वह इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके और आउट हो गए। इसके बाद मोहम्मद सिराज भी आउट हो गए, जिससे सुंदर का शतक नहीं बन सका और वह 96 रन पर नाबाद लौटे। भारत ने 365 रन बनाकर इंग्लैंड के 205 रन के जवाब में 160 रन की बढ़त हासिल की।
भारत ने दूसरी पारी में शुरू में ही दिए झटके
भारत ने इस बढ़त का मनोवैज्ञानिक लाभ उठाते हुए इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत में शिकंजा कसना शुरू कर दिया।, उसके दो विकेट 11 रन के स्कोर पर ही गिर गए। इसके बाद अक्षर पटेल ने भी विकेट निकाल कर इंग्लैंड को कमजोर कर दिया। इंग्लैंड की टीम इससे उबर नहीं सकी। कप्तान जो रूट ने 30 रन बनाए। बाद में डेन लॉरेंस ही कुछ भारतीय स्पिनरों का मुकाबला कर सके और 50 रन बनाकर अंतिम विकेट के रूप में अश्विन का शिकार बने। अक्षर और अश्विन ने पांच-पांच विकेट लिए।
अक्षर ने सीरीज में 27 विकेट लिए
अक्षर पटेल ने अपनी पहली ही सीरीज में 27 विकेट लेकर भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले दिलीप दोषी ने 79-80 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 विकेट लिए थे।
मैन ऑफ द मैच ऋषभ पंत
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ऋषभ पंत को दिया गया। उन्होंने शानदार शतक के साथ दो कैच और दो स्टपिंग इस मैच में की। साथ ही एंडरसन की गेंद प रिवर्स स्विप में चौका मारने पर भी इनाम दिया गया।
अश्विन रहे मैन ऑफ द सीरीज
भारत के सफल स्पिन गेंदबाजों में से एक आर अश्विन ने सीरीज में 32 विकेट लिए और शतक भी बनाया। इस पर उन्हें मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। अश्विन ऐसे पहले गेंदबाज हैं, जिन्होंने सीरीज में दूसरी बार 30 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
पापा होंगे नाराज
वाशिंगटन सुंदर को इस मैच में शतक नहीं बनाने का मलाल रहा।, उनका कहना था कि आस्ट्रेलिया में भी वह शतक से चूक गए थे । इस पर उनके पिता ने नाराजगी जाहिर की थी। इस बार भी शतक के पूरा नहीं होने पर उन्हें डर है कि पिता इससे नाराज होंगे। वहीं दूसरी ओर उन्हें 96 रन की नाबाद पारी के लिए पुरस्कृत भी किया गया।
भारत वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में
भारत इंग्लैंड को सीरीज में 3-1 से हराने के बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप की अंक तालिका में 520 अंक लेकर पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड 420 अंक लेकर पहले से मौजूद है। भारत का अब जून में इंग्लैंड में न्यूजीलैंड से टेस्ट क्रिकेट की चैंपियनशिप के लिए मुकाबला होगा।