आगरालीक्स…(03 December 2021 Agra News) आगरा में दिव्यांगों के लिए कार्य कर रही संस्थाओं व लोगों को किया गया सम्मानित, दिव्यांग बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
दिव्यांगों के लिए अभिभावक व समाज जागरूक बने
दिव्यांगों का विकास और उज्जवल भविष्य तभी सम्भव है जब अभिभावक व समाज उनके लिए सकारात्मक नजरिया रखे और जागरूक बने। अभिभावक ऐसे बच्चों को स्वीकार करें और सामाजिक शर्मिंदगी की वजह से घर में कैद रखने के बजाय समारोह आदि में उन्हें बाहर अपने साथ लेकर जाएं। उन्हें आगे बढ़ाएं। ऐसा करने से न सिर्फ दिव्यांगों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि समाज भी जागरूक होगा। यह कहना था केन्द्रीय विद्यालय की अध्यापिका व केबीसी फेम हिमानी बुंदेला का।

सक्षम आगरा दिव्यांग कल्याण योजना ने किया सम्मान समारोह
संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में सक्षम आगरा दिव्यांग कल्याण योजना द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में वह विशिष्ठ अतिथि के रूप में बोल रहीं थीं। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राजा अरिदमन सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने भारत माता की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। योजना के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रामकुमार मिश्र ने दिव्यांगों के लिए किए जा रहे कार्यों व योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर दिव्यांग लोगों के लिए कार्य कर रहे सामाजिक संगठन व लोगों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। दिव्यांग बच्चों ने इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। संचालन कार्यक्रम संयोजक उमेश अग्रवाल व डॉ. मनोज जसावत ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सेंट जॉन्स मनोविज्ञान विभाग की प्रो. प्रियंका मसीह, वीपी सिंह, निकिता अग्रवाल, शिवदत्त, महेश, प्रदीप गंगवार, सिद्धांत, महेश गौतम आदि उपस्थित थे।
सरकार चला रही दिव्यांग मतदाता जागरूकता अभियान
कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग के उपनिदेशक राकेश कुमार ने जानकारी दी कि सरकार इस वर्ष दिव्यांग मतदाता जागरूकता अभियान भी चला रही है। दिव्यांग भी चुनाव में मतदान के लिए जगारूक हो रहे हैं। जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी दिव्यांग मतदान कर सकते हैं। यदि वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो इसके लिए आवेदन करें। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। किसी भी प्रकार की समस्या के लिए दिव्यांग हेल्प लाइन नम्बर 9415090642 पर सम्पर्क कर सकते हैं।