आगरालीक्स… आगरा में एसी बस में बैठने के विवाद में आईएसबीटी के इंचार्ज को चालक ने पीट दिया, इसे लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
इस मामले की जांच एआरएम फोर्ट को दी गई है।
सोमवार सुबह छह बजे ईदगाह डिपो के चालक रामनरेश शर्मा अपने एक साथी के साथ लखनऊ जाने के लिए आइएसबीटी पहुंचे। आरोप है कि लखनऊ जाने वाली स्कैनिया में दो सीट की मांग की। सीट फुल होने पर चालक ने इन्कार कर दिया। इस पर दोनों चालकों में बहस होने लगी। ये मामला स्टेशन इंचार्ज संजीव शर्मा तक पहुंचा। संजीव का कहना है कि उन्होंने रामनरेश से दूसरी बस से चले जाने को कहा, उन्होंने खुद को एक कर्मचारी संगठन से जुड़ा होने की कहते हुए अपशब्द कहना शुरू कर दिया, इसके बाद मारपीट हो गई। आईएसबीटी के इंचार्ज संजीव शर्मा का आरोप है कि रामनरेश ने उनके साथ मारपीट कर और कपड़े पकड़कर घसीटा। इस घटना से कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। इसकी शिकायत एआरएम फोर्ट से कर कार्रवाई किी मांग की है। आरएम मनोज त्रिवेदी का कहना है कि मामले की जांच एआरएम फोर्ट को सौंपी गई है।