आगरालीक्स… आगरा में फाग पूर्णिमा व चैतन्य महाप्रभु के जन्मोत्सव पर कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रातः 4.30 बजे मंगला आरती के साथ ही श्रीहरि का श्वेत बनारसी सिल्क की पोशाक धारण कराकर विशेष श्रंगार किया गया। इस अवसर पर छप्पन भोग व फूल बंगला का भी आयोजन किया गया।
शाम 5 बजे गौर कथा में श्रीकृष्ण का स्वरूप चैतन्य महाप्रभु के जन्मोत्सव के प्रसंग व लीलाओं से भक्तों को परिचित कराया गया। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि श्रीकृष्ण का ब्रज विलुप्त हो गया था। जो आज का ब्रज है उसे चैतन्य महाप्रभु ने अपने शिष्यों की सहायता से खोजा। शाम 6 बजे पंचामृत व पंचगव्य से चैतन्य महाप्रभु का मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक किया गया। अभिषेक अरविन्द स्वरूप धीर दामोदर, कुलशेखर प्रभुदेव केशव प्रभु ने कराया। पीत पोशाक धारण कराकर श्रीहरि का विशेष श्रंगार किया गया। अभिषेक के बाद महाआरती में भक्तों ने उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से ओम प्रकाश, कामता प्रसाद, राहुल आदि उपस्थित थे।।