आगरालीक्स …आगरा में आयकर विभाग की चार जूता कारोबारियों के 15 ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। एक साथ चारों जूता कारोबारियों ने रियल एस्टेट में निवेश किया था, इसके बाद आयकर विभाग ने चारों कारोबारियों के आगरा दिल्ली, नोएडा स्थित 15 ठिकानों पर मंगलवार सुबह आठ बजे से कार्रवाई शुरू की। गुरुवार को भी कार्रवाई चल रही है।
आगरा में मंगलवार सुबह आठ बजे जूता निर्यातक नोवा शूज के हरसिमरन अलघ उर्फ मनू अलघ, तारा इनोवेशन की मानसी चंद्रा, ओम एक्सप्रोर्ट के राजेश सहगल और आहूजा इंटरनेशनल के विजय आहूजा के आगरा,दिल्ली और नोएडा स्थित 15 ठिकानों पर आयकर विभाग के 100 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने कार्रवाई शुरू की।

आयकर विभाग आगरा की एडीशनल डायरेक्टर इन्वेस्टीगेशन नीलम अग्रवाल के निर्देशन में असिस्टेंट डायरेक्टर आसिमा महाजन की अगुवाई में आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जांच में जुटे हुए हैं। कंपनी के टर्नओवर से लेकर निवेश के दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। लिंक कंपनी का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
चारों जूता कारोबारियों ने जमीन में 100 करोड़ का किया निवेश
आयकर विभाग की जांच में सामने आया था कि आगरा मथुरा रोड पर चारों जूता कारोबारियों ने मिलकर जमीन में 100 करोड़ का निवेश किया है। इनके कारोबारी रिश्ते भी सामने आए हैं, इसके बाद आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई की है, अभी जांच चल रही है।