आगरालीक्स…. आगरा में आयकर विभाग की टीम ने तीन महीने तक नजर रखने के बाद कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा, 24 घंटे बाद टीम की कार्रवाई जारी है।
आगरा में आयकर विभाग की टीम ने सर्राफा कारोबारी रामकुमार गुप्ता और उनके पुत्र प्रशांत गुप्ता की फर्म जीटी चेंस पर रविवार सुबह आठ बजे छापा मारा। टीम ने नमक की मंडी स्थित फर्म के साथ ही रामकुमार गुप्ता के ट्रांस यमुना कॉलोनी ए ब्लॉक स्थित घर पर भी कार्रवाई की। जीटी चेंस का चांदी और पायल बनाने का काम है। इसके लिए बाहर से भी बड़ी मात्रा में चांदी की खरीद फरोख्त की जाती है।

तीन महीने तक रखी नजर
आयकर विभाग की जांच शाखा ने जीटी चेंस, नमक की मंडी पर तीन महीने तक नजर रखी। टीम की जांच में सामने आया है कि फर्म से जुड़े कारोबार को छिपाया जा रहा है। चांदी खरीदने के बाद पायल बनाई जा रही हैं लेकिन उसका ब्योरा दर्ज नहीं किया जा रहा है। इसके बाद टीम ने रविवार सुबह आठ बजे जीटी जेंस फर्म के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई शुरू की।
कंप्यूटर डाटा और खरीद बिक्री के रिकॉर्ड की जांच
आयकर विभाग की टीम जीटी चेंस के कंप्यूटर डाटा के साथ ही खरीद बिक्री के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। जिससे कितनी चांदी खरीदी जा रही हैं, पायल की कितनी सप्लाई है और कितनी खरीद बिक्री दर्शाई जा रही है, इसका आकलन किया जा सके और टैक्स वसूली हो सके।