आगरालीक्स…संजय प्लेस में जनकपुरी भव्यता लेने लगी है. देखें जनक महल का फोटो. अयोध्या के मंदिर की तर्ज पर बन रहा…कैसा लगा आपको और पढ़ें क्या—क्या होगा खास
आगरा के संजय प्लेस में सजने जा रही जनकपुरी भव्यता का रूप धीरे—धीरे लेने लगी है. एक सप्ताह बाद जनकपुरी महोत्सव के आयोजन यहां शुरू हो जाएंगे और इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. 10 अक्टूबर को रामबारात निकलेगी और अगले दिन यहां भगवान राम और उनके सभी भाइयों सहित परिजनों व गुरुजनों का स्वागत किया जाएगा. इससे पहले माता सीता जी का डोला भी निकाला जाएगा. इस बार जनकपुरी महोत्सव 14 अक्टूबर तक होगा.
जनकमहल लेने लगा भव्य रूप
संजय प्लेस में बन रहा जनकमहल अब भव्य रूप लेने लगा है. दो से तीन दिन बाद यह पूरी तरह से तैयार हो जाएगा. जनक महल इस बार अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा है. जनकमहल 86 फीट ऊंचा, 200 फीट चौड़ा और 50 फीट गहरा बनाया जा रहा है. जनकमहल बनाने के लिए कोलकाता से कारीगर बुलाए गए हैं. प्लाईवुड, फाइबर और थर्मोकोल से जनकमहल तैयार किया जा रहा है.
ये होगा खास
जनकपुरी महोत्सव में इस बार भजन संध्या के लिए मंच बनाया जाएगा. 10 अक्टूबर से सजने वाली जनकपुरी में इस बाद रामानंद सागर की ‘रामायण’ के राम यानी अरुण गोविल को भी बुलाने के प्रयास किए जा रहे हैं. जनकपुरी महौत्सव समिति के उपाध्यक्ष और फिल्म निर्माता निर्देशक रंजीत सामा द्वारा इसके लिए अरुण गोविल से बातचीत चल रही है. अभिनेता इस समय देश से बाहर हैं लेकिन उनके जल्द ही वापस लौटने और आगरा की जनकपुरी महोत्सव में शामिल होने की संभावनाएं हैं.
इसके अलावा टी सीरीज के प्रसिद्ध गायक मुकेश बागड़ा द्वारा जनकपुरी समिति के समापन कार्यक्रम पर आयोजित की जाने वाली विशाल खाटूश्याम भजन संध्या में प्रस्तुति दी जाएगी. 13 तारीख को सीता जी की विदाई पर मुकेश शुक्ला व मंजरी शुक्ला द्वारा विदाई गीत, भजन सहित महाआरती की जाएगी. 10 अक्टूबर को इस्कॉन ग्रुप द्वारा यहां भजन के साथ—साथ भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित मनमोहक लीलाओं का नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी. इस्कॉन द्वारा नोवा होटल के पास झांकी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.