आगरालीक्स ……आरक्षण के लिए जाटों के आंदोलन में बसों को निशाना बनाया, आगरा से जयपुर जा रही नौ बसों में तोडफोड की, चालक की पिटाई लगाई, बस और ट्रेनें रद कर दी गई हैं।
शुक्रवार सुबह जाट आंदोलनकारियों ने आगरा-जयपुर हाईवे पर नगला ऊंचा के पास प्रदर्शन किया। आगरा परिक्षेत्र से प्रतिदिन करीब 43 बसें जयपुर और धौलपुर मार्ग पर संचालित होती हैं। सुबह आठ बजे से पहले करीब आधा दर्जन से ज्यादा बसें जयपुर के लिए रवाना हो गईं थीं। जो भरतपुर में जाकर फंस गईं। हाईवे स्थित गांव रूचान नगला (भरतपुर) में जयपुर जा रही रैपिड लाइन की बस (यूपी85- एटी-6698) के शीशे पत्थर मार प्रदर्शनकारियों ने तोड़ डाले। घटना से सवारियां दहशत में आ गईं। जान बचाकर सवारियां भाग निकलीं। चालक वीरेंद्र और परिचालक यादव सिंह उपद्रवियों के हाथों में आने से पहले ही भाग निकले। बाद में पहुंचे फोर्स ने हालात संभाले। इसके साथ ही करीब पांच बसें जाम में फंस रहीं। आगरा से जयपुर जा रहीं बसों में तोडफ़ोड़ की। दो रोडवेज बसों के शीशे तोड दिए और चालक की पिटाई लगाई। यात्रियों का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अभद्रता की और महिलाओं की ज्वैलरी छीन कर ले गए। दिल्ली-मुंबई, आगरा-जयपुर और मथुरा-अलवर ट्रैक को जाम कर दिया। आंदोलन के कारण मथुरा से भरतपुर, जयपुर, अलवर के लिए रेल और बस सेवा पूरी तरह ठप हो गई। आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें रद कर दी गईं, एक दर्जन को वाया आगरा निकाला गया और आधा दर्जन को रास्ते से ही वापस चलाया गया।
गुरुवार से शुरू हुआ आंदोलन
आगरा रीजन में जाट आरक्षण की मांग को लेकर रात को आंदोलनकारी रैलवे ट्रैक पर बैठ गए, मथुरा अलवर के बीच रेल यातायात बंद कर दिया गया है, इस रूट की ट्रेनें रदद कर दी गईं हैं।
आरक्षण की मांग को लेकर अलवर-मथुरा मार्ग को जाम करने वाले जाटों ने शुक्रवार को मथुरा-भरतपुर मार्ग भी ठप करने का एलान किया है। जाटों के इस एलान से रेलवे की दिक्कत बढ़ गई है। कई प्वाइंट पर रेलवे पुलिस को लगा दिया गया है। पुलिस और प्रशासन का भी सहयोग मांगा जा रहा है। प्रदेश सरकार भी अलर्ट हो गई है। संभव है शुक्रवार को राजस्थान सरकार का कोई प्रतिनिधि जाटों के बीच पहुंचकर उनसे बात करे।
धौलपुर और भरतपुर के जाटों ने प्रदेश और केंद्र की नौकरियों में आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। गुरुवार की रात को रेल ट्रैक जाम कर दिया था। इनके समर्थन में दूसरे संगठन भी आ गए हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय कमेटी के पदाधिकारी राजस्थान पहुंच रहे हैं। यह लोग वहां के जाट नेताओं से बातचीत करेंगे। राजस्थान से सटे जाटों के जितने भी गांव हैं सभी से सहयोग मांगा जा रहा है। कहा जा रहा है कि वह उस स्थान पर पहुंचे जहां जाट चक्का जाम किए बैठे हैं।
आरक्षण न मिलने तक आंदोलन रहेगा जारी
संयुक्त जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष एचपी सिंह परिहार का कहना है कि भरतपुर और धौलपुर के जाटों को जब तक आरक्षण नहीं मिल जाता है आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि दो जिले के जाटों को आरक्षण से वंचित रखना अन्याय है। उन्होंने कहा कि इन दो जिलों के जाटों के साथ पूरी बिरादरी खड़ी है।
मिल रहा समर्थन
संयुक्त जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रांतीय उपाध्यक्ष महावीर सिंह परिहार का कहना है हमारा राजस्थान के जाट आंदोलन को पूरा समर्थन है। हमारे संगठन से जुड़े लोग वहां पहुंचेंगे। जब तक आरक्षण नहीं मिल जाएगा आंदोलन जारी रहेगा।
इंटरनेट फोटो