आगरालीक्स…(6 August 2021 Firozabad News) कपड़ा कारोबारी के घर से एक करोड़ से अधिक के जेवरात चोरी. बदमाश घर में घुसे और तिजोरी खोलकर ले गए जेवरात. मुकदमा दर्ज
फिरोजाबाद में चोरी की बड़ी वारदात
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. फिरोजाबाद के रहने वाले कपड़े विक्रेता के घर से चोर तिजोरी के अंदर से एक करोड़ रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए. घटना के संबंध में थाना उत्तर में पुलिस को सूचना दी गई. इतनी बड़ी चोरी की वारदात होने से पुलिस के अधिकारी सहित बडी मात्रा में पुलिसकर्मी कारोबारी के घर पहुंच गए. पुलिस घटना की जांच कर रही है. सीसीटीवी भी खंगाल रही है.
विभव नगर कॉलेनी का मामला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार थाना उत्तर क्षेत्र स्थित विभव नगर कॉलोनी के सामने श्याम बहादुर शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं. श्याम बहादुर एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं. इनकी जलेसर रोड श्मशान घाट के सामने श्याम वस्त्र भंडार नाम से कपड़े की दुकान हैं. शुक्रवार सुबह श्याम बहादुर शर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर चोरी हो गई है. चोर तिजोरी में रखे जेवरात चोरी कर ले गए हैं. शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. सूचना पर थानाध्यक्ष उत्तर अनूप कुमार भारतीय मौके पर पहुंच गए. श्याम बहादुर शर्मा ने बताया कि रात को किसी समय चोर उनके घर में घुस गए और सीढ़ियों पर रखी चाबी को उठाकर उन्होंने तिजोरी खोल ली. चोर तिजोरी के अंदर से करीब एक करोड़ से ज्यादा के जेवरात चोरी कर ले गए हैं.
इधनी बड़ी चोरी होने पर पुलिस ने तुरंते ही आसपास का निरीक्षण किया और मामले की जांच तेज की. आसपास के सीसीटीवी भी पुलिस ने खंगाले. हालांकि चोरों का कोई सुराग नहीं लगा. इधर व्यापारी नेता अंबेश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए. थानाध्यक्ष उत्तर अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है. घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा.