आगरालीक्स…(6 August 2021 Mathura News) बाईपास पर कार खड़ी कर बातचीत कर रहे थे तीन युवक…बाइक पर आए तीन बदमाश. तमंचा निकालकर युवकों पर ताना और कर गए ये वारदात
लगातार दे रहे वारदातों को अंजाम
आगरा मंडल में वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पुलिस एक वारदात को सुलझाती है तो बदमाश दूसरी वारदात कर जाते हैं. गुरुवार रात को मथुरा के गोवर्धन बाईपास पर बाइक सवार बदमाशों ने तीन युवकों के साथ बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है. हथियारबंद बदमाशों ने युवकों से कार, मोबाइल और नगदी लूट ली. पुलिस ने कार को बरामद कर लिया है लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है.
बाईपास पर खड़े होकर कर रहे थे बात
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार रात करीब 9 बजे महेश ठाकुर पुत्र भगवान सिंह निवासी बड़ी हवेली गोवर्धन अपने दो दोस्तों पंकज सैनी पुत्र दामोदर और परशुराम पुत्र ब्रजेश निवासी छोटी हवेली के साथ कार में सवार होकर डीग बाईपास के पास अपने खेत पर गया था. बताया जाता है कि यहां तीनों कार खड़ी करके बाईपास पर आपस में बातचीत कर रहे थे. तभी वहां पर एक बाइक पर तीन युवक आते हैं. बाइक रुकती है और उसपे सवार तीनों लोग बातचीत कर रहे युवकों पर तमंचा तान देते हैं. अचानक हुई घटना से तीनों युवक चौंक जाते हैं. तभी बाइक सवार तीन बदमाश उनसे मोबाइल, कार और 11250 रुपये लूट कर ले जाते हैं.
वाहन चेकिंग में मिली कार
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश नीमगांव की ओर चले जाते हैं. डरे सहमे युवकों ने किसी तरह इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आसपास तुरंत ही चेकिंग शुरू कर दी. वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को हाथिया के पास कार खड़ी मिल गई. पुलिस ने कार को बरामद कर लिया लेकिन बदमाशों का कुछ भी पता नहीं चल सका. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.