आगरालीक्स ..आगरा में एबीवीपी के राष्ट्रीय अधिवेशन में पहली महिला कार्यकत्री जेएनयू की छात्रा निधि त्रिपाठी ने राष्ट्रीय महामंत्री का पद ग्रहण किया, आज उनका जन्म दिन भी है। उन्होंने कहा कि मैं एबीवीपी के कार्यक्रम में सबसे अंतिम पंक्ति में बैठकर नारे लगाती थी,आज मुझे एबीवीपी का प्रतिनित्वि करने का मौका मिला है, यह एबीवीपी में ही संभव है।
आगरा कॉलेज मैदान पर शनिवार सुबह एबीवीपी के 65 वें राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि एन नरसिम्हा, पूर्व न्यायाधीश पटना उच्च न्यायालय ने किया। अधिवेशन में तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए चेन्नई मेडिकल कॉलेज में कैंसर सर्जन डॉ एस सुब्बैया ने कहा कि रियासत से सियासत में बंधुओं को हिरासत में लेना, देश की विरासत कभी नहीं रही है। यह वो देश है जहां श्रीराम 14 साल तक वन में रहे। श्रवण कुमार ने अपने माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर तीर्थयात्रा कराई।

ये वामपंथी लोग थे जिन्होंने भारत की संस्कृति और सभ्यता पर विषैले तीर चलाए। हम ऐसे विषैले तीर चलाने वालों को खत्म कर देंगे। भारत का इतिहास वामपंथी इतिहासकारों ने लिखा है वो गलत है। उन्होंने कहा कि भारत का पूरा इतिहास दोबारा पौराणिक कथाओं और संस्कृति के आधार पर दोबारा लिखा जाना चाहिए।
तब मानेंगे पूर्ण राष्ट्र पुनर्निर्माण
डॉ एस सुब्बैया ने कहा कि जब आयात-निर्यात डॉलर की जगह रुपए में होगा, अधिकृत राष्ट्रीय भाषा हिंदी होगी, गरीबी नहीं रहेगी, तभी सही राष्ट्र पुनर्निर्माण माना जाएगा।