आगरालीक्स… आगरा में डॉक्टरों के बीच आॅपरेशन के बाद टांके लगाने की चैंपियनशिप होगी। इसमें देश भर से स्त्री रोग विशेषज्ञ शामिल होंगे। 23 व 24 दिसम्बर को होटल क्लार्क-शीराज में एंडोमैट्रिओसिस एंड यूरोगायनी विषय पर हो रही कार्यशाला में लैप्रोस्कोपिंग सूचरिंग (दूरबीन विधि से ऑपरेशन के बाद टांके लगाना) पर नेशनल चैम्पियनशिप आयोजित की जा रही है। जिसमें लगभग 300 से अधिक गायनेकोलॉजिस्ट भाग लेंगे। आगरा ओब्सटेट्रीकल एंड गायनेकोलॉजीकल सोसायटी व डॉ. कमलेश टंडन हॉस्पीटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर द्वारा किया आयोजित कार्यशाला में स्त्री रोग से सम्बंधित 30 निशुल्क दूरबीन विधि से ऑपरेशन भी किए जाएंगे, जिनका सीधा प्रसारण आयोजन स्थल में किया जाएगा।

आयोजक सचिव डॉ. कमलेश टंडन ने बताया कि स्त्री रोग से सम्बंधित लगभग 90 फीसदी ऑपरेशन आज दूरबीन विधि से सम्भव हैं। लेकिन किए मात्र 10 फीसदी ही जाते हैं। दूरबीन विधि का लाभ ज्यादा से ज्यादा मरीजों तक पहुंच सके इसी उद्देशय से देश के जाने माने स्त्री रोग विशेषज्ञ 30 ऑपरेशन करेंगे, जिससे डॉक्टर ट्रेंड होकर इसका लाभ मरीजों को प्रदान कर सकें। लैप्रोस्कोपिक ऑपरेशन के बाद टांके लगाना भी जटिल काम है। जिसको बेहतर तरीके से कर पाना हर डॉक्टर के बस की बात नहीं। इसके लिए नेशनल चैम्पियनशिप ऑफ लैप्रोस्कोपिक सूचरिंग का आयोजन 23 दिसम्बर को किया जाएगा। साथ स्त्री रोगों से सम्बंधिक विभिन्न बीमारियों व इलाज की नई तकनीकों पर व्याख्यान होगा। डॉ. टंडन ने बताया कि कार्यशाला का उद्घाटन 23 दिम्बर को शाम 7 बजे किया जाएगा।