आगरालीक्स.. आगरा में खाटू श्याम मंदिर में लट्ठामार होली (छड़ी होली) खेली गई। जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में लट्ठामार होली व गोपी बधाई उत्सव का आयोजन किया। जिसका आनंद लेने के लिए हर भक्त राधा-कृष्ण के रूप में सज-धज कर पहुंचा। सभी ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। श्याम बाबा के दरबार में आज विशेष तौर पर विदेशी फूलों से भव्य फूल बंगला सजाया गया। श्याम बाबा के अलौकिक व दिव्य दर्शन के लिए भक्तों की खूब भीड़ रही। साथ ही होली का भी आनंद लिया।
जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में फाल्गुन महोत्सव व वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में लट्ठमार (छड़ी) होली का आयोजन किया गया। छड़ी होली के लिए मंदिर में 51 छड़ियां व ढाल विशेष तौर पर तैयार कराई गईं। मंदिर में होली के उत्सव का माहौल था। भक्तों ने आकर्षक रूप से तैयार छड़ियों से छड़ी होली का आनंद लिया। मुख्य रूप से खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल मित्तल, अरुण मित्तल, हेमेन्द्र अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, विशाल गोयल, अमित अग्रवाल, रजत अग्रवाल, आकाश गुप्ता, पंकज अग्रवाल, अनूप गोयल, संजीव अग्रवाल, ऋषिक मांगलिक, मनीष बंसल, अतुल सिंथोलिया, राजेश सिंघल आदि उपस्थित थे।
आज रात 2 बजे तक दर्शन देंगे खाटू नरेश
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि गुरुवार, रंगभरनी एकादशी पर खाटू नरेश भक्तों को सुबह 6 बजे मंगला आरती से रात दो बजे तक दर्शन देंगे। कलकत्ता व बैंगलुरू से मंगाए गए फूलों व मेवा से भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। इस अवसर पर शाम सात बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें भजन गायक नरेश सैनी बाबा के भजन से भक्तों को भक्ति के रंग में रंगेगे।