आगरालीक्स…(22 June 2021 Agra News) आगरा में तेंदुआ की दहशत के 8 घंटे. वन विभाग ने पकड़ा तो आई लोगों की जान में जान. इस तरह काबू में आया तेंदुआ
8 घंटे तक मचाई दहशत
आगरा के रामबाग के सीता नगर में 8 घंटे तक दहशत मचाने वाला तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के काबू में आ गया. टीम ने करीब दो बजे उसे पकड़ने में कामयाबी हासिल की. तेंदुआ के पकड़ने के बाद क्षेत्र के लोगों की जान में जान आई और उन्होंने राहत की सांस ली. वन विभाग की टीम तेंदुआ को कीठम ले गई है. यहां स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा. बता दें कि एत्माद्दौला के सीता नगर में मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक तेंदुआ आ गया था जिसने एक 15 साल के किशोर सुमित पर हमला कर दिया. तेंदुआ का सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही यह वायरल हो गया. इसमें तेंदुआ एक घर से बाहर निकलता है और गली में दौड़ लगाता हुआ तेंदुआ गोदाम के अंदर घुस जाता है.
डर के बीच स्थानीय लोगों ने दिखाई हिम्मत
इस बीच तेंदुआ के डर के बीच कुछ स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और गोदाम के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया. तेंदुआ की दहशत का आलम ये था कि लोगों ने अपने घर के दरवाजे बंद कर दिए. इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने वन विभाग की टीम को बुलाया. टीम ने यहां पहुंचकर करीब दो घंटे बाद तेंदुआ को पकड़ने में कामयाबी हासिल की. टीम ने गोदाम के अंदर जाल डालकर तेंदुआ को पकड़ा.
संभावना जताई जा रही है कि यह तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से आगरा किले के आसपास ही छिपा हुआ था. तेंदुए की उम्र आठ से दस साल के बीच में बताई जा रही है.