अलीगढ़लीक्स… (22 june ) ।सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद अब पुलिस प्रशासन अलीगढ़ शराब कांड के आरोपितों की संपत्तियां जब्त करने की तैयारी कर रहा है। इस मामले में जेल भेजे गए आरोपितों की 120 करोड़ रुपये की संपत्ति चिन्हित की जा चुकी है।
अब तक 70 गिरफ्तार
एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार के अनुसार जहरीली शराब प्रकरण में अब तक 23 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनके तहत 70 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इनमें एक लाख रुपये का इनामी ऋषि शर्मा व 50 हजार रुपये का इनामी विपिन यादव भी शामिल हैं।
अवैध शराब की पांच फैक्ट्रियां भी नष्ट
आरोपितों की निशानदेही पर अवैध शराब की पांच फैक्ट्रियां नष्ट की जा चुकी हैं। बड़ी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी भी की गई है। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि एक प्रमुख मुकदमे में कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल कराया जा चुका है। अन्य मुकदमों के आरोपितों के विरुद्ध भी आरोपपत्र दाखिल कराए जा रहे हैं। साथ ही आरोपितों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून व गैंगेस्टर एक्ट की कार्यवाही सुनिश्चित कराई जा रही है।