आगरालीक्स… आगरा में तापमान बढने के साथ सियासी हवा तेज हो गई है, गठबंधन से सपा प्रत्याशी सूरज शर्मा ने आगरा उत्तर विधानसभा के लिए नामांकन किया, भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंच रहे हैं।
आगरा में 10 अप्रैल को उत्तर सीट से भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग की हार्ट अटैक से मौत के बाद खाली सीट पर 19 मई को मतदान होना है। सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि पर प्रमुख दलों के प्रत्याशी नामांकन कर रहे हैं। गठबंधन से सपा प्रत्याशी सूरज शर्मा जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंचे, सूरज शर्मा ने एमबीए किया है और पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा के बेटे हैं।
सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन
कलक्ट्रेट में नामांकन का सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगा। इस दौरान स्कूलों में छुट्टी का समय भी होगा। इसके चलते एमजी रोड पर निकलने वाले लोग वैकल्पिक मार्गो का भी प्रयोग करके जाम से बच सकते हैं।
यह रहेगा इंतजाम
जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी पूरी तैयारी कर रखी है। प्रत्याशियों के समर्थकों के वाहनों को साईं की तकिया पर बैप्टिस्ट स्कूल, जीआइसी मैदान और आगरा कॉलेज मैदान पर रोक दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक प्रशांत कुमार के अनुसार जाम नहीं लगे इसके पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।